प्रदेश सरकार यूक्रेन में रह रहे यूपी के विद्यार्थियों व अन्य लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाएगी। इसके लिए राहत आयुक्त एवं सचिव राजस्व रणवीर प्रसाद को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
प्रदेश सरकार यूक्रेन में रह रहे यूपी के विद्यार्थियों व अन्य लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाएगी। इसके लिए राहत आयुक्त एवं सचिव राजस्व रणवीर प्रसाद को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अपर मुख्य सचिव राजस्व मनोज कुमार सिंह ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।
विज्ञापन
प्रदेश सरकार ने यूक्रेन में पैदा हुई परिस्थितियों के मद्देनजर राहत आयुक्त को विदेश मंत्रालय, केंद्र सरकार व कीव स्थित भारतीय दूतावास से समन्वय कर वहां रह रहे लोगों की सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। राहत आयुक्त यूक्रेन में मौजूद प्रदेश के लोगों के स्वदेश लौटने की कार्यवाही में भी मदद करेंगे। राज्य सरकार ने चौबीसों घंटे काम करने वाला एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। इसके लिए टोल फ्री नंबर व मेल आईडी जारी की गई है।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया है कि यूक्रेन में उत्पन्न आपातकालीन परिस्थितियों के मद्देनजर आने-जाने के लिए सभी कॉमर्शियल फ्लाइट बंद हैं। यूक्रेन का एयर स्पेस भी बंद है। भारतीय दूतावास कीव, यूक्रेन में मौजूद सभी भारतीयों को संभावित मदद पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार तथा भारतीय दूतावास की ओर से हेल्पलाइन नंबर संचालित किए जा रहे हैं।