लखनऊ। लोगों की जमीन के फर्जी कागज बनाकर धोखाधड़ी करने वाले तीन सगे भाइयों ठाकुरगंज निवासी आशीष सिंह, मनीष सिंह और अवनीश सिंह की गैंगस्टर एक्ट के तहत तीन गाड़ियां और एक प्लाॅट को कुर्क किया गया है।
विज्ञापन
इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ठाकुरगंज के जरनैलगंज निवासी तीनों भाइयों के खिलाफ इंस्पेक्टर ठाकुरगंज श्रीकांत राय ने 11 मई को यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत ठाकुरगंज थाने में केस दर्ज कराया था। केस की विवेचना उनको मिली थी। जांच के दौरान इंस्पेक्टर वजीरगंज ने बुधवार को तीनों भाइयों की दो एसयूवी, एक कार और काकोरी के नरौना गांव में 2666 वर्गफीट प्लाॅट को कुर्क किया। इंस्पेक्टर ने बताया कि तीनों भाइयों के खिलाफ ठाकुरगंज और वजीरगंज थाने में पहले से नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। मौजूदा समय में तीनों आरोपी भाई जमानत पर जेल से बाहर हैं। ये लोग सीधे-साधे लोगों की जमीन को खरीदने के लिए एग्रीमेंट करते हैं और फिर फर्जी कागज बनाकर लोगों की जमीन बेच देते हैं।