तीसरे चरण के लिए पुलिस ने अपनी कमर कस ली है। इस चरण के लिए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। तीसरे चरण में 20 जिलों में 20727 मतदान केंद्राें पर वोट डाले जाएंगे। इसके लिए 55 कंपनी पीएसी और 10 कंपनी अर्ध सैनिक बल की तैनाती की गई है। एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि इस चरण में चुनाव के लिए पीएसी और अर्ध सैनिक बलों के अलावा 509 निरीक्षक, 7600 उप निरीक्षक, 15736 मुख्य आरक्षी और 56251 सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त 66444 होमगार्ड, 2473 पीआरडी जवान, 6282 रिक्रूट आरक्षियों की भी ड्यूटी शांति पूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए लगाई गई है।
अधिकतम पांच लोगों को ही घर-घर जाकर प्रचार करने की मिली थी अनुमति
कोरोना महामारी के मद्देनजर राज्य निर्वाचन आयोग ने मार्च में निर्देश दिए थे कि पंचायत चुनाव के दौरान अधिकतम पांच लोग ही घर-घर जाकर प्रचार कर सकते हैं। राज्य के उप निर्वाचन आयुक्त वेद प्रकाश वर्मा ने बताया अपर जिला अधिकारियों की अगुवाई में तीन सदस्य समितियां गठित की गई हैं जो आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराएंगी। मतदान के दौरान भी कोविड-19 संबंधी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराया जाएगा। मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं के खड़े होने के लिए छह-छह फुट की दूरी पर घेरे बनाए गए हैं।