उत्तर प्रदेश में कोविड वायरस का संक्रमण लगातार कम हो रहा है। बुधवार को 16 जिलों में एक भी संक्रमित नहीं मिला है। लखनऊ छोड़ अन्य सभी जिलों में एक्टिव केस तीन सौ से कम हो गए हैं। कुल एक्टिव केस 6496 हैं। वर्तमान में प्रदेश में पॉजिटिविटी दर 0.1 और रिकवरी दर 98.3 प्रतिशत है।
बीते 24 घंटे में दो लाख 86 हजार 396 सैंपल की जांच की गई। इनमें से 310 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस तरह प्रदेश भर में अब तक पांच करोड़ 41 लाख 45 हजार 947 सैंपल की जांच हो चुकी है।
बुधवार को नौ जिलों में 10 से अधिक, 50 जिलों में 10 से कम और 16 जिलों में एक भी मरीज नहीं मिला है। लखनऊ में 29, मेरठ में 22, गाजियाबाद में 17, वाराणसी व प्रयागराज में 16-16, रायबरेली में 12, बुलंदशहर में 9, आगरा में 8, कानपुर में 7 और गौतमबुद्ध नगर में 6 संक्रमित मिले हैं।
प्रदेश भर में 50 संक्रमितों की मौत
बुधवार को 50 संक्रमित की मौत के साथ प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 21,963 हो गई है। हालांकि 50 जिलों में किसी भी संक्रमित की मौत नहीं हुई है। मरने वालों में लखनऊ में सर्वाधिक 10, शाहजहांपुर में 4, लखीमपुर खीरी, झांसी व गाजीपुर में 3-3 और सोनभद्र, गोरखपुर, कुशीनगर, अयोध्या, संतकबीरनगर में 2-2 मरीज शामिल हैं।