श्रावस्ती। इस्राइल में भीषण युद्ध के बीच खतरा उठाकर जिले के लोग वहां काम करने के लिए तैयार हैं। जहां चार ट्रेड में काम करने के लिए 15 लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। इसमें से सात लोगों ने शनिवार को परीक्षा व काउंसिलिंग कराई, जिन्हें गोंडा भेजा जाएगा। बाद में लखनऊ फिर दिल्ली से इस्राइल जाएंगे।
राजकीय आईटीआई भिनगा में परीक्षा देने व काउंसलिंग के लिए आए गिलौला के कुर्बेनी निवासी सचिन सिंह चौहान ने टाॅयल मेशन के लिए आवेदन किया था। उन्होंने बताया कि यहां मेहनत के मुकाबले पैसा नहीं है। इसलिए उन्होंने इस्राइल जाने का फैसला किया है। हमारे बड़े पापा के बेटे चार माह पूर्व राजमिस्त्री के काम के लिए इस्राइल जा चुके हैं।
इकौना के अंबेडकर नगर निवासी आयुष सैनी आयरन बिल्डिंग ट्रेड में आवेदन किया है। वह बताते हैं कि यहां माह में अधिकतम 15-20 हजार रुपये ही मिलते हें, जबकि वहां एक लाख 35 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेगा। गिलौला के भौंसावा निवासी ध्रुव सिंह ने बताया कि खतरा कहां नहीं है। खतरे से डर कर काम करना तो नहीं छोड़ा जा सकता। कुर्बेनी निवासी जितेंद्र कुमार चौहान ने राजमिस्त्री व प्रदीप कुमार चौहान ने टाॅयल मेशन ट्रेड में आवेदन किया है।
जितेंद्र ने बताया कि खतरा तो यहां भी है। पायड़, बांस व बल्ली के सहारे कई कई मंजिल ऊंची इमारतों पर काम करना पड़ता है। जरा सी चूक होने पर जान यहां भी जा सकती है। ऐसे में इस्राइल जाना कोई रिस्की काम नहीं है। इकौना के रघुनाथपुर निवासी अनिल सिंह परिवार की माली हालत सुधारने के लिए काम करना चाहते हैं। जबकि गिलौला के परेवपुर निवासी राजेश परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए जोखिम उठाने के लिए तैयार हैं।