लखनऊ। नगर निगम की टीम ने बृहस्पतिवार को मेडिकल काॅलेज के पास चरक चौराहे से नक्खास चौराहे तक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस दौरान ट्रांसफार्मर के पास एक अवैध दुकाने हटाने में नगर निगम को विरोध का सामना करना पड़ा। भीड़ ने टीम को घेर लिया। इस पर लोगों को समझाकर टीम वहां से निकल पाई।
विज्ञापन
सुबह करीब आठ बजे नगर निगम जोन छह की टीम जोनल अधिकारी मनोज यादव की अगुवाई में अभियान चलाने निकली। चरक चौराहे और नखास मार्केट के बीच स्थित एक ट्रांसफार्मर के चारों ओर अवैध रूप से संचालित मोमोज, बर्गर और पिज्जा की दुकान को टीम ने तोड़ दिया। इसकी जानकारी होने पर पहुंचे लोग हंगामा करने लगे। जोनल अधिकारी का कहना है कि ट्रांसफार्मर के चारों तरफ अतिक्रमण करने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। अभियान के दौरान छह मेज, नौ स्टॉल, 10 बड़ी होर्डिंग, दो ड्रम और चार बेंच जब्त की गईं। उधर, विरोध के बीच सीतापुर रोड पर भी जोन तीन की टीम ने 50 से अधिक कब्जे हटाए।