लखनऊ। कैसरबाग थाने में महिला ने तहरीर देकर अपने पति पर आरोप लगाया है कि दहेज में दो लाख रुपये व बाइक न मिलने पर उसने तीन तलाक दे दिया है। ससुरालियों पर मारपीट का भी आरोप लगाया है जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक कैसरबाग प्रमोद मिश्रा के मुताबिक, मकबूलगंज निवासी महिला की शादी अमीनाबाद के कच्चा हाता निवासी मो. शादाब से गत दो मार्च को हुई थी। तहरीर महिला ने बताया कि निकाह के कुछ दिन बाद ही पति शादाब और सास कम दहेज लाने का ताना देने लगे। दहेज में दो लाख रुपये और बाइक न लाने पर उसे पीटा गया। महिला ने मां को बताया तो किसी तरह से 20 हजार रुपये का इंतजाम कर शादाब को दिए गए। लेकिन वह दो लाख रुपये और बाइक देने की जिद पर अड़ा रहा। मां ने आर्थिक स्थिति ठीक न होने का हवाला दिया। इसके बाद भी दामाद ने उनकी नहीं सुनी।
पीड़िता के मुताबिक, पति ने उसके साथ कई बार अप्राकृतिक संबंध बनाने का भी प्रयास किया जिसका महिला ने विरोध किया था। इसके बाद ही उसे शादाब ने तीन बार तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। ससुराल से निकाले जाने पर महिला मायके पहुंची। बेटी पर अत्याचार की शिकायत करने पर भी शादाब और उसके परिवार वालों ने नहीं सुनी। रिश्तेदारों की मदद से भी काफी प्रयास किए गए। इसके बाद महिला ने कैसरबाग थाने पहुंचकर पति और ससुराल वालों के खिलाफ तीन तलाक और दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है।