अखिलेश सरकार की लैपटॉप योजना की आलोचना के बीच एक सर्वेक्षण के अध्ययन में लाभार्थी 86 फीसदी छात्र-छात्राओं ने माना कि इस योजना से उनके एकेडमिक परफार्मेंस में सुधार आया है। प्रदेश सरकार की लैपटॉप वितरण योजना को लेकर गिरि इंस्टीट्यूट ऑफ डेवलपमेंट स्टडीज के अध्ययन में ये नतीजे सामने आए हैं।
सर्वेक्षण के मुताबिक इस योजना की वजह से प्रदेश के छात्रों में कंप्यूटर पर कामकाज को लेकर समझदारी बढ़ी है। सपा सरकार ने चुनाव घोषणा पत्र में किए वादे के अनुसार 2013 में इंटर पास कर अगली कक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की शुरुआत की थी।
इस योजना को बाद में मेरिट वाले छात्रों तक सीमित कर दिया गया। 86 फीसदी छात्रों ने माना है कि उनका शैक्षिक प्रदर्शन सुधरा है जबकि 53 फीसदी मानते हैं कि सामाजिक मुद्दों के प्रति उनकी जागरूकता पहले से बेहतर हुई है। 21 फीसदी छात्र लैपटॉप की मदद से आंशिक रूप से अपनी आय बढ़ाने में कामयाब हुए।