छात्रा के पिता के मुताबिक आरोपी एक महीने से उनकी बेटी के स्कूल पहुंच जाता था। जैसे ही वह बाहर निकलती, उससे बदसलूकी करने लगता। विरोध पर जान से मारने की धमकी देता। आरोपी ने कई बार सरेराह उससे छेड़छाड़ की।
छात्रा ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की तो नदीम स्कूल से कुछ दूर आगे जाकर उसका रास्ता रोकने लगा। बुधवार को उसने बाइक से उसे अगवा करने की कोशिश भी की। घर पहुंचकर छात्रा ने पूरी घटना घरवालों को बताई।
कारोबारी के मुताबिक वह शिकायत करने घर पहुंचा तो नदीम ने उस पर हमला कर दिया। इस दौरान नदीम के परिवारीजनों ने भी उसका साथ दिया। शोर-शराबा सुनकर पहुंचे लोगों ने बीच-बचाव किया। उधर, पिता से बदसलूकी देख छात्रा ने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया।
पिता उसे बेहोशी की हालत में तुरंत बलरामपुर अस्पताल ले गए, जहां देर रात उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर नदीम के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के घर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।