लखनऊ गोमतीनगर पुलिस व साइबर सेल ने बृहस्पतिवार को प्रेमी युगल की तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपये मांगने वाले बीएससी के छात्र इब्राहिम वारसी को गिरफ्तार कर लिया। बाराबंकी निवासी छात्र के पास से दो एंड्रायड मोबाइल, मेमोरी चिप (जिसमें अंतरंग फोटो थीं), छोटा कॉलिंग मोबाइल व नकदी बरामद की है।
उसने अपना जुर्म कुबूल भी कर लिया। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। साइबर सेल के नोडल ऑफिसर व सीओ हजरतगंज अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि इब्राहिम वारसी बाराबंकी के देवाशरीफ का रहने वाला है। उसके पिता देवा शरीफ मस्जिद में काम करते हैं।
सीओ के मुताबिक, हजरतगंज स्थित एक निजी संस्था में काम करने वाले युवक का कई सालों से प्रेम संबंध युवती से था। दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ते थे। कुछ दिन पहले युवक का मोबाइल गायब हो गया। युवक ने संबंधित थाने में केस भी दर्ज कराया था।
मोबाइल उसी के एक करीबी दोस्त के भतीजे इब्राहीम के हाथ लग गया। उसने मोबाइल से प्रेमी युगल के कुछ अंतरंग फोटो निकाले और पीड़ित की तलाश के लिए आयशा खान नाम से सोशल मीडिया में फर्जी अकाउंट बनाया।
धमकी दे मांगे एक लाख रुपये
डेमो
एक दिन ऑनलाइन चैटिंग के दौरान उसे अंतरंग तस्वीरों के बारे में बताया और साक्ष्य के तौर पर एक तस्वीर भी भेज दी। इब्राहीम ने तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपये मांगे।
बाद में 15 हजार रुपये में सौदा तय किया। रकम लेकर बुधवार को बाराबंकी के देवा पहुंचने को कहा।
साइबर सेल की टीम ने युवक के मोबाइल को सर्विलांस पर लगा रखा था। सीओ ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार करने के लिए इंस्पेक्टर विजय वीर सिंह सिरोही, एसआई विमल बैगा, कांस्टेबल फिरोज बदर, अखिलेश कुमार, शरीफ की टीम तैयार की। साइबर सेल की टीम बाराबंकी पहुंची और युवक के आसपास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।