जिला पंचायत के परिणाम सामने आने के साथ अध्यक्ष की कुर्सी की राह भी कांटों भरी दिख रही है। सपा के 23 सीटों पर जीत हासिल करने से सभी दलों की बेचैनी बढ़ गई है। भाजपा के धुरंधरों की सबसे अधिक मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही है। 16 सीटों के साथ कुनबे को बढ़ाने के लिए एक दिन पूर्व ही निर्दलीय सदस्य ललिता चक्रवर्ती को बीजेपी की सदस्यता दिलाई गई है। अध्यक्ष पद के दावेदारों में बीजेपी से बीनाराज मिश्रा, मंजू सिंह के नाम आगे चल रहे हैं।
वहीं महसी विधायक सुरेश्वर सिंह के करीबी अवधेश सिंह की पत्नी शकुन्तला सिंह भी दौड़ में शामिल हैं। सपा से निवर्तमान अध्यक्ष नदीम मन्ना की बहन इरम शब्बीर के साथ एमएलसी हाजी इमलाक खां के परिवार से भी एक लोगों के मैदान में आने की चर्चा है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह की पत्नी विनीता सिंह के निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद उनकी भी प्रबल दावेदारी मानी जा रही है। बसपा के चार और आम आदमी पार्टी के एक सदस्यों की भूमिका को लेकर भी राजनीतिक पंडितों की गुणा गणित दूसरे दलों के खेमों में हलचल पैदा कर सकती है।
दलीय स्थिति
भाजपा- 16
सपा- 23
बसपा- 4
आप- 1
निर्दलीय- 19