लखनऊ। मड़ियांव में शंकरपुर पुल के पास बृहस्पतिवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक टैक्सी में टक्कर मार दी। बाइक टैक्सी में सवार साॅफ्टवेयर इंजीनियर धीरेंद्र कुमार रोशन (35) टक्कर मारने वाले वाहन में फंसकर 200 मीटर तक घिसटते चले गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
बिहार के सासाराम निवासी धीरेंद्र कुमार नोएडा की इलेक्ट्रिक कंपनी में काम करते थे। उनके चचेरे भाई धीरज ने बताया कि धीरेंद्र की कंपनी ने शक्ति भवन में काम का ठेका लिया था। धीरेंद्र छह माह से पत्नी सुषमा व बेटी संग मड़ियांव में पाम पैराडाइज अपार्टमेंट में रह रहे थे। बृहस्पतिवार उनको कंपनी की मीटिंग में शामिल होने कानपुर जाना था। सुबह पांच बजे वह बाइक टैक्सी से चारबाग के लिए निकले थे।
पुलिस के अनुसार शंकरपुर के पास तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी थी। धीरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। उनके पास से मिले मोबाइल से परिजनों को खबर दी गई। उनकी पत्नी ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मड़ियांव थाने में केस दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्र ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन के बारे में पता लगाया जा रहा है।