लखनऊ। कैसरबाग स्थित लेसा भवन में शुक्रवार को अमर उजाला की ओर से आयोजित बिजली शिविर में स्मार्ट मीटर से जुड़े बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। इंटेली स्मार्ट कंपनी और बिजली विभाग की मीटर इकाई के कुछ इंजीनियरों की मिलीभगत से उपभोक्ताओं को गलत बिल थमाए जाने का मामला सामने आया।
चार-चार महीने से परेशान उपभोक्ताओं ने पोल खोलते हुए कहा कि नए स्मार्ट मीटर लगने के बाद या तो बिल बन ही नहीं रहा, या फिर लाखों रुपये का फर्जी बिल थमा दिया गया है। इससे पावर कॉर्पोरेशन की फजीहत हो रही है। हालांकि, मौके पर मौजूद मुख्य अभियंता रवि कुमार अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता रमेश चंद्र पांडेय, केके चौधरी और एक्सईएन जय प्रकाश ने कई उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान कराया।
कंपनी कर्मचारी की करतूत, 1.25 लाख का फर्जी बिल बनाया :
वजीरगंज मल्लाही टोला निवासी रहीसा का मीटर 30 अप्रैल को बदला गया था। 14 अगस्त को जांच में पुराने मीटर की रीडिंग 24,944 पाई गई थी, लेकिन कंपनी के कर्मचारी ने बिलिंग सिस्टम में 54,944 यूनिट फीड कर दी। इससे 30 हजार यूनिट का फर्जी बिल बन गया और उपभोक्ता पर 1.25 लाख रुपये का चार्ज थोप दिया गया। शिविर में जांच के बाद बिल संशोधित कर 71,656 रुपये कर दिया गया, लेकिन उपभोक्ता ने शिकायत की कि इंजीनियर जयंत, राजेंद्र सिंह और ऋषिनाथ गोस्वामी कर्मचारी पर एफआईआर कराने के बजाय उन्हें ही परेशान कर रहे थे।
मां-बेटी को मिला कनेक्शन का भरोसा
चौक निवासी काजल गौतम अपनी मां के साथ शिविर में पहुंचीं। उन्होंने बताया कि नया कनेक्शन नहीं मिल रहा। जांच में 46,500 रुपये बिजली चोरी का जुर्माना सामने आया। अधीक्षण अभियंता रमेश चंद्र पांडेय ने किश्तों में रकम जमा करने और शनिवार शाम तक कनेक्शन देने के आदेश दिए। इससे दोनों संतुष्ट होकर लौटीं।
100 से ज्यादा उपभोक्ताओं ने सुनाई पीड़ा
शिविर में उमेश शुक्ला, अब्दुल शमी, राधेश्याम, उमा गोस्वामी, हरीश चंद, इस्मत हनीफ, सिराजुद्दीन, पुनीत कुमार, एम. अली, विशाल, आकाश पाल, आशीष सोनकर, डॉ. आरके श्रीवास्तव, तनवीर फातिमा, रुखत फातिमा, नीरज सिंह, रामपति, इम्तियाज अली, मुख्तार हुसैन, किशोरी देवी, रीतेश, विवेक, नूरबानो, राजेंद्र प्रसाद, अरशद हुसैन सहित 100 से ज्यादा उपभोक्ता पहुंचे, जिनमें 60 फीसदी की शिकायत थी कि अप्रैल में मीटर बदलने के बाद से बिल सही नहीं बन रहा। कई ने आरोप लगाया कि एलएंडटी कंपनी खराब मीटर नहीं बदल रही, जबकि इंटेली स्मार्ट कंपनी नए कनेक्शन पर मीटर लगाने में लापरवाही कर रही है।
कंपनी अधिकारियों और इंजीनियरों पर गिरी गाज
उपभोक्ताओं की शिकायतों पर मुख्य अभियंता ने इंटेली स्मार्ट कंपनी के डिस्कॉम हेड नीरज तिवारी, जोनल इंचार्ज शशिकांत राय और अन्य जिम्मेदार इंजीनियरों को फटकार लगाई। पुराने मीटर की जांच समय से न करने, प्रमाण पत्र पर जिम्मेदार कर्मियों के नाम व नंबर न दर्ज करने और सिस्टम में गलत फीडिंग करने को गंभीर चूक मानते हुए नाराजगी जताई।
बिजली शिविर में पहुंचे लोग।
बिजली शिविर में पहुंचे लोग।
बिजली शिविर में पहुंचे लोग।
बिजली शिविर में पहुंचे लोग।
बिजली शिविर में पहुंचे लोग।
बिजली शिविर में पहुंचे लोग।
बिजली शिविर में पहुंचे लोग।
बिजली शिविर में पहुंचे लोग।