अवध के आंगन में रविवार को संस्कृतियों का संगम उमड़ा। समतामूलक चौक स्थित रिवरफ्रंट की चटोरी गली में अमर उजाला और संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित संगम संस्कृतियों का..., में भारत की सांस्कृतिक विरासत नजर आई। कहीं बंगाल की मिठाइयां नजर आ रही थीं तो कहीं पहाड़ी व्यंजनों की खुशबू लोगों को रिझा रही थी। यह मेला सोमवार को भी जारी रहेगा।
केंद्रीय कैबिनेट मंत्री कौशल किशोर, मत्स्य मंत्री संजय निषाद और आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। समारोह में एक तरफ विभिन्न संस्कृतियों के स्टॉल थे तो दूसरी ओर ऊंट, घोड़ा, बग्घी और ई-रिक्शा से सवारी की व्यवस्था भी थी। कठपुतली का खेल काफी बच्चों के लिए नया था। वहीं बुजुर्ग अपनी बचपन की याद ताजा करके मुस्कुराते नजर आए। स्केटिंग, ताइक्वांडो और साइकिलिंग जैसे खेल भी समारोह के दौरान आकर्षण का केंद्र रहे।
बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम के दौरान बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। सेंट जोजेफ स्कूल बजाज ग्रुप के बच्चों ने कतारबद्ध होकर योग के आसन पेश कर सभी को निरोग रहने का संदेश दिया। स्कूल के एमडी राजेश व सीमा अग्रवाल, स्कूल की संस्थापक पुष्पलता अग्रवाल की मौजूदगी में बच्चों ने शानदार नृत्य भी पेश किया।
रंगीला पंजाब में भांगड़ा के माध्यम से बच्चों ने धूम मचाई। नंदा ग्रुप ने कुमाऊं का जोहार नृत्य पेश कर सभी का मनोरंजन किया।। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बाराबंकी की छात्राओं ने समूह नृत्य पेश किया। प्रिया शर्मा, महिमा जायसवाल, अनन्या वर्मा, गौरी तिवारी, खुशी, कोमल, अनुष्का वर्मा अनामिका कौशल ने पीएमश्री कार्यक्रम पेश किया। इसके बाद दिल्ली पब्लिक स्कूल के आर्यन सचान, आकाश सिंह, तेजस मनी तिवारी, गार्गी तिवारी, आद्या शुक्ला, सिद्धार्थ जायसवाल, आद्यंत वर्मा, देवांश चंदानी ने स्केटिंग डांस से सभी को दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर कर दिया। सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल की छात्रा जाह्वनी गुप्ता ने कथक की शानदार प्रस्तुति दी। इसी स्कूल की वंशिका यादव ने महाराष्ट्र का जोगवा डांस पेश किया। राजकीय बालिका इंटर कालेज बाराबंकी की छात्रा अनन्या मिश्रा ने श्री रामचंद्र कृपालु भजमन... पर कथक की प्रस्तुति दी।
अंजू भारती के गायन के बाद जैन समाज महिला मंडल की स्मृति, सीमा, खुशबू, सुव्रत, वत्सल, अपूर्व, रूबी, शिल्पी, चारू, शैली ने नाट्य प्रस्तुति दी। सबीना सैफी ने अपनी लोक गायन से सभी को भावविभोर कर दिया। अवध कॉलेजिएट की छात्रा सिद्धि टंडन ने नृत्य प्रस्तुत किया। लोक गायक संतोष ने अपनी गायकी से अवध की खुशबू बिखेरी। भोपाल की मशहूर कलाकार विजया ने अपने ग्रुप के माध्यम से नृत्य नाटिका अटल श्री राम के माध्यम से सभी का मन मोहा। इसके आदि गोरखा समाज की युवतियों ने अपने क्षेत्र का नृत्य पेश किया।
नृत्य के साथ जादू और कठपुतली ने मोहा मन
सौम्याश्री ने ओडीसी नृत्य के माध्यम से सभी को उड़ीसा के सांस्कृतिक गौरव से परिचय कराया। जादूगर राकेश पाल ने अपने कारनामों से सभी को हतप्रभ कर दिया। देवीशंकर ने कठपुतली के खेल से बच्चों का मनोरंजन किया।आर्टिस्ट योगा ग्रुप ने शिव तांडव पर योग की प्रस्तुति दी। इसके बाद मालविका के नेतृत्व में वैष्णवी, भूमि तिवारी, पायल, देवांशी, सौम्या ओझा, सृष्टि संकर, अस्थमा शर्मा और एस. आराधना ने खास पेशकश की। भारतोदय संस्था के साथ ही गोयनका स्कूल के बच्चों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। नृत्य गुरु अमृत सिन्हा के नेतृत्व में हुई नृत्य नाटिका में विविधता में एकता की झलक दिखाई गई। आखिर में हेमेंद्र धर द्विवेदी के नेतृत्व में टीएसए बैंड की परफाॅरमेंस ने सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। परिणिका श्रीवास्तव ने अपने ग्रुप के साथ लोकनृत्य पेश किया।
बच्चों व आपके लिए आज भी है खास
शहरवासियों के लिए आज भी मेले में खास कार्यक्रम रखे गए हैं। खास तौर से बच्चों के लिए खेल गतिविधियों एवं विभिन्न कार्यक्रमों का गुलदस्ता सजाया गया है। ऐसे में आप सभी आज भी कार्यक्रम में आएं और लुत्फ उठाएं। मेले में प्रवेश निशुल्क है।