लोकबंधु अस्पताल में बुधवार को कोरोना पॉजिटिव मरीजों और संदिग्ध लक्षण वाली महिला को एक ही एंबुलेंस में बैठाने को लेकर एक घंटे तक जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान कोरोना प्रोटोकॉल तार-तार हो गया। पूरे मामले का वीडियो बनाकर महिला ने सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। वहीं, अफसरों का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी। लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कोरोना मरीज की हालत बिगड़ने पर बुधवार देर रात करीब 12 केजीएमयू रेफर कर दिया गया। उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। 108 की एक गाड़ी करीब 11:30 अस्पताल गेट पर आकर खड़ी हुई।
मरीज को स्ट्रेचर से एंबुलेंस में लिटा दिया गया। तीमारदार उसके बगल में बैठ गया। एंबुलेंस में जगह न होने के बावजूद एक कोविड पॉजिटिव महिला मरीज व क्वारंटीन में रही उसकी बहन को भी एंबुलेंस में बैठने के लिए कहा गया। महिला ने इसका विरोध किया तो अस्पतालकर्मियों ने उससे अभद्रता की। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया।