भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ी खुशखबरी देते हुए लांग रूट की ट्रेनों के रिजर्वेशन में बड़ी सहूलियत दी है। इससे लाखों को फायदा होगा। अब लांग रूट की ट्रेनों में भी कम दूरी का रिजर्वेशन कराया जा सकेगा। 50 साल से रेलवे ने इस पर पाबंदी लगा रखी थी। इसके चलते यात्रियों को मन मसोसकर जनरल क्लास में सफर करना पड़ता था।
रेलवे ने अब यह पाबंदी हटा ली है। इस बाबत सर्कुलर भी जारी कर दिया गया है। गौरतलब है कि लंबी दूरी की मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में उन यात्रियों को टिकट नहीं मिलता था, जो कम दूरी के स्टेशनों की यात्रा करना चाहते थे।
मसलन, शताब्दी एक्सप्रेस में लखनऊ से कानपुर के लिए रिजर्वेशन की सुविधा यात्रियों को नहीं थी। इससे यात्रियों को सेकंड क्लास में पैसेंजर ट्रेनों या फिर मेमू ट्रेनों से सफर करना पड़ता था। लेकिन अब यह प्रतिबंध खत्म हो गया है। रेलवे बोर्ड की ओर से गत पांच जनवरी को इस बाबत सर्कुलर जारी किया जा चुका है।