वसूली से भाग रहे इसी ट्रक ने कुचला छात्रा को
- फोटो : amar ujala
वाणिज्य कर दस्ते की चेकिंग के दौरान वसूली बचने के लिए भाग रहे ट्रक ने साइकिल सवार छात्रा की जान ले ली। घटना गोसाईगंज में मोहनलालगंज रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास की है।
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवारीजन व स्थानीय नागरिक मौके पर जमा हो गए। गुस्साए लोगों ने शव ट्रैक पर रख गम और गुस्सा जाहिर किया। इस दौरान करीब दो घंटे तक ट्रेनों का संचालन बाधित रहा।
बाद में एसडीएम ने पीड़ित परिवार को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। गोसाईंगंज के बेली गांव निवासी भागीरथ की बेटी किरन (18) लाला महादेव प्रसाद वर्मा बालिका महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है।
बुधवार को सुबह वह साइकिल से कॉलेज से जा रही थी। इस दौरान वाणिज्य कर दस्ते की टीम शिवलर पर चेकिंग कर रही थी। दस्ते ने वसूली के ट्रक रोकने की कोशिश की, तो चालक ट्रक लेकर भागा।
रफ्तार इतनी तेज थी कि अनूपगंज रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रक बेकाबू हो गया और छात्रा उसके नीचे आ गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे बाद चालक ट्रक छोड़ कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली।
नाराज लोगों ने चेकिंग दस्ते की धुनाई कर दी, इसके बाद दस्ता वहां से भाग गया। घटना से नाराज लोगों ने ट्रैक पर शव रख प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान उस रूट की ट्रेनों की आवागमन रुका रहा