केंद्र सरकार की अटल मिशन फॉर रिजूवनेशन एंड अर्बन ट्रांसफॉरमेशन (अमृत) योजना के क्रियान्वयन व तकनीकी मदद के लिए नगर विकास विभाग संविदा पर 136 अफसरों की भर्ती करने जा रहा है।
इसके लिए स्थानीय निकाय निदेशालय की ओर से जल्द ही विज्ञापन प्रकाशित कराया जाएगा। अर्बन प्लान और अर्बन इन्फ्रास्ट्रक्चर व फाइनेंस एक्सपर्ट समेत कई पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके अलावा, कर्मियों की नियुक्ति के लिए साक्षात्कार भी हो चुके हैं।
सूबे के 61 शहरों में अमृत योजना के तहत पेयजल, सीवरेज सिस्टम, पार्क जीर्णोद्धार समेत कई विकास कार्य होने हैं। इनके लिए प्रोजेक्ट बनाने व उसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संबंधित निकायों की है। परियोजनाओं पर नजर रखने और तकनीकी व वित्तीय सुझाव देने के लिए शासन स्तर पर भी संविदा पर अफसरों की नियुक्ति का फैसला किया गया है।
इस तरह होगी नियुक्ति
डेमो पिक
ऐसे करीब 136 अफसर नियुक्त होने हैं। इसके लिए केंद्र ने गाइडलाइन भी भेजी है। इसके तहत 1 से 10 लाख की आबादी वाले प्रत्येक शहर के लिए एक अर्बन प्लानर व एक इन्फ्रास्ट्रक्चर एक्सपर्ट के पद पर अधिकारी रखे जाने हैं।
इस तरह 61 शहरों के लिए 122 अफसरों की नियुक्ति होगी। इसके अलावा 10 लाख से अधिक आबादी वाले 7 शहरों के लिए इसी श्रेणी के दो-दो अतिरिक्त यानी 14 अफसरों की नियुक्ति होनी है। इस तरह कुल 136 अफसर नियुक्त होंगे।
अफसरों के चयन पूर्व ही स्थानीय निकाय की समिति ने दो दिन पहले ऑफिस स्टाफ का साक्षात्कार कर लिया है। इसमें अर्बन प्लानर कम टीम लीडर, एमआईएस एक्सपर्ट, कैपिसिटी डवलपमेंट एक्सपर्ट, फाइनेंस एक्सपर्ट, कंप्यूटर ऑपरेटर, कार्यालय सहायक व चपरासी के लिए साक्षात्कार हो चुका है। इन सभी की संविदा पर भर्ती होगी। साक्षात्कार का परिणाम अगले हफ्ते घोषित होने की संभावना है।
अमृत योजना की मॉनिटरिंग के लिए संविदा पर अफसरों की नियुक्ति की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। समिति गठित हो गई है। उम्मीद है कि अगले हफ्ते तक इन पदों के लिए विज्ञापन जारी हो जाएगा।
- राकेश कुमार मिश्रा, निदेशक स्थानीय निकाय