मोहनलालगंज में अंबरीश पुष्कर के निर्दल और मलिहाबाद में इंदल रावत के कांग्रेस से आने से यहां की तस्वीर साफ है। वहीं, सरोजनीनगर में जहां शारदा प्रसाद शुक्ला खुद को असली समाजवादी बताते हुए वोट मांग रहे हैं तो बीकेटी में अभी उहापोह की स्थिति है। यहां के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि नाम वापसी तक स्थिति साफ होगी। तभी वे क्षेत्र में निकलेंगे।
भविष्य के खतरे से परेशान दिखे कार्यकर्ता
चार विधानसभा क्षेत्र में बगावत की खबर आते ही पार्टी कार्यकर्ताओं के चेहरे पर चिंता की लकीरें दिखने लगी हैं। उनका कहना है कि किसी न किसी रूप में इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। जिला इकाई के पदाधिकारियों का कहना है कि जल्द एक प्रतिनिधिमंडल पार्टी नेतृत्व से मिलेगा। नाम वापसी के बाद सपा के सिंबल पर मैदान में रहने वाले उम्मीदवार को जिताने का प्रयास होगा। जिला महासचिव शब्बीर अहमद ने बताया कि प्रदेश कार्यालय से जिन लोगों के नाम की जानकारी दी गई है, उसे जिताने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जाएगा।
नगर कमेटी में पहुंचने लगे उम्मीदवार
नामांकन दाखिल करने के बाद उम्मीदवारों ने नगर कार्यालय पहुंच कर हाजिरी लगाई, लेकिन बिना नगर कमेटी को साथ लिए नामांकन करने की बात खटकती रही। कई नेताओं ने सवाल उठाया है कि जब नगर कमेटी को साथ लेकर चुनाव लड़ना है तो नामांकन के वक्त भी उससे पूछा जाना चाहिए। नामांकन करने से पहले उम्मीदवार नगर कमेटी आते और यहां से नामांकन करने जाते तो इससे एकजुटता का संदेश जाता।
महानगर कार्यालय पर उम्मीदवारों का अभिवादन
महानगर कार्यालय पर पर्चा दाखिल कर आने वाले उम्मीदवारों का स्वागत किया गया। इस दौरान एमएलसी सुनील यादव साजन मौजूद रहे। उन्होंने नेताओं से सभी उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताने की अपील की। महानगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित, महासचिव सौरव सिंह यादव ने माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान फिदा हुसैन अंसारी, विजय सिंह यादव, रामसागर यादव, पवन मनोचा, अनीस राजा, नवीन धवन बंटी, देवेंद्र यादव जीतू, मधुप सिंह यादव, अवनीश कुमार यादव थे।
सपा नेतृत्व के चार प्रत्याशियों को नामांकन से रोकने के बाद से चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। उत्तर सीट से युवा नेता पूजा शुक्ला के साथ कैंट से राजू गांधी का टिकट कटने की चर्चा सबसे ज्यादा रही। पूजा के स्थान पर कई क्षेत्रीय नेताओं के नामों की चर्चा रही तो कैंट सीट पर सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे को टिकट दिए जाने को लेकर कयास लगते रहे। हालांकि, सपा ने अफवाहों का खंडन करते हुए कहा कि सभी टिकट फाइनल हैं।
पार्टी की ओर से बृहस्पतिवार को रविदास मेहरोत्रा ने मध्य, पश्चिम से अरमान, उत्तर से पूजा शुक्ला, पूर्व से अनुराग भदौरिया और कैंट से राजू गांधी ने नामांकन किया। बाकी नामांकन बुधवार को ही कर चुके थे। पार्टी के नगर महासचिव सौरभ सिंह यादव के अनुसार सभी कार्यकर्ता एकजुट हैं और भाजपा को हराने के लिए कमर कस चुके हैं।