राइसमिल में छापेमारी के बाद पुलिस चौकी में मौजूद पावर कार्पोरेशन के अभियंता व अन्य।
- फोटो : amar ujala
पावर कॉर्पोरेशन की टीम ने मंगलवार शाम बिजली चोरी की शिकायत पर परशदेपुर स्थित एक राइस मिल पर छापा मारा। इस दौरान राइस मिल संचालक और छापा मारने पहुंची टीम के साथ तीखी नोकझोंक हुई। राइस मिल पूर्व विधायक व भाजपा नेता की बताई जा रही है। जांच में ट्रांसफार्मर के पास लगे मीटर में छेड़छाड़ मिली है। उपखंड अधिकारी ने बिजली थाने में तहरीर दी है।
परशदेपुर कस्बे में अभिषेक राइसमिल के नाम से 150 किलोवाट का कनेक्शन है। राइसमिल में बिजली चोरी की शिकायत पर मंगलवार शाम पावर कॉर्पोरेशन के अधीक्षण अभियंता वाईएन राम, सलोन के एक्सईएन एमके अहिरवार, छतोह उपखंड अधिकारी सौरभ जायसवाल, अवर अभियंता सौरभ यादव ने छापा मारा। परिसर पहुंचने पर टीम जांच करने लगी। इस दौरान राइसमिल संचालक व अभियंताओं से कहासुनी होने लगी। टीम में शामिल लोगों को बंधक बना लिया गया। सूचना पाकर सलोन सीओ इंद्रपाल सिंह, डीह एसओ रवींद्र सोनकर, परशदेपुर चौकी इंचार्ज निखिलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में परिसर में परिसर में लगे मीटर को सील किया गया।
डीह एसओ रवींद्र कुमार सोनकर ने बताया की किसी को बंधक नहीं बनाया गया था। अभियंताओं व राइसमिल संचालक के बीच कहासुनी हुई थी। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, अधीक्षण अभियंता ने बताया कि बिजली चोरी की सूचना पर राइस मिल में छापा मारा गया। परिसर और ट्रांसफार्मर के पास लगे मीटर में छेड़छाड़ पाई गई है। मीटर को सील कराकर जांच के लिए टेस्ट डिवीजन लाया गया है। मामले की तहरीर बिजली थाने में दी गई है।