पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के कार्यक्रम स्थल पर किलेबंदी कर दी है। पीएम की सुरक्षा में 10 एसपी, अन्य अधिकारियों समेत पुलिस व सेना के पांच हजार जवान तैनात किए गए हैं। एसपीजी ने कार्यक्रम स्थल को अपने कब्जे में ले लिया है। सुरक्षा में संयंत्र भी लगाए गए हैं।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन में मंगलवार को कूरेभार के अरवलकीरी करवत पहुंच रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा के लिए तैयार ब्लू प्रिंट के हिसाब से सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। पीएम की सुरक्षा के लिए पांच लेयर तैयार किया गया है। इसके तहत एसपीजी, सीएपीएफ, आरएएफ, पीएसी व पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।
इसमें दस कंपनी पीएसी, दो कंपनी आरएएफ, तीन कंपनी सीएपीएफ लगाई गई है। पुलिस के 10 पुलिस अधीक्षक, 10 अपर पुलिस अधीक्षक, 30 पुलिस क्षेत्राधिकारी, 90 निरीक्षक, 150 उपनिरीक्षक, 13 थानेदार, 1500 महिला व पुरुष पुलिस तैनात की गई है। इसके अलावा वायुसेना भी सुरक्षा में लगी है। एसपीजी की टीम ने एयर स्ट्रिप व पीएम के जनसभा स्थल को अपने कब्जे में ले लिया है। मंच, एयर स्ट्रिप से लेकर चप्पे-चप्पे पर एसपीजी की टीम व अन्य फोर्स नजर रखे है। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर सीसीटीवी कैमरा, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉयड, एंटी सबाटोज व एंटी माइंस डिटेक्टर टीमों को लगाया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने सुरक्षा व्यवस्था के पूरे बंदोबस्त का दावा किया है। कहा कि कार्यक्रम स्थल को जाने वाले प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग करके पुलिस टीम लगाकर छानबीन कर रही है। जिले में जांच व चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। होटल, ढाबों व आसपास के गांवों पर नजर रखी जा रही है।
1400 बसें लाएंगी भीड़
प्रधानमंत्री की जनसभा व एयर शो के लिए भीड़ जुटाने के लिए लगाई गईं परिवहन निगम की बसें निर्धारित स्थलों पर पहुंच गई हैं। निगम की ओर से मिलीं दो हजार बसों में शासन के निर्देश पर 400 बसों को बस्ती व अंबेडकर नगर से भीड़ लाने के लिए भेजा गया है। दो सौ बसों को अयोध्या जनपद के लिए भेजा गया है। जिले के लिए निगम की 1400 बसों को लगाया गया है। प्रशासन के निर्देश पर निगम की बसों को एआरएम सुरेंद्रनाथ पांडेय ने चिह्नित स्थलों के लिए भेज दिया है। बसें मंगलवार को सुबह भीड़ लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगी। सोमवार को निगम की नोडल अधिकारी श्वेता सिंह ने रोडवेज की लगाई गईं बसों का जगह-जगह निरीक्षण किया।
वायुसेना ने हेलीकॉप्टर से लिया जायजा
पीएम के कार्यक्रम को देखते हुए एयर स्ट्रिप पर सोमवार को साफ-सफाई व व्यवस्था दुरुस्त करने का कार्य चलता रहा। वायुसेना के अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर से एयर स्ट्रिप का जायजा लिया। सेना ने अमहट हवाईपट्टी व पुलिस लाइंस के हेलीपैड का भी हवाई निरीक्षण किया।
एयर स्ट्रिप के किनारे बनाए गए कैंप
सोमवार को प्रधानमंत्री के एयर शो कार्यक्रम को देखते हुए अरवलकीरी करवत की हवाई पट्टी के किनारे कैंप बनाए गए हैं। इसमें एक पीएमओ कैंप प्रधानमंत्री के लिए तैयार किया गया है। इसमें कक्ष भी बनाए गए हैं। पीएम इस कैंप में रुककर एयर शो देखेंगे। इसके अलावा वायुसेना व यूपीडा का एक कैंप बनाया गया है।