लखनऊ। कृष्णानगर के पंडितखेड़ा से बुलेट सवार बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर को अगवा कर लिया। उसे एक हाते में निर्वस्त्र कर मोबाइल से वीडियो बनाया। दो दिन तक बंधक बनाकर पीटा गया। मोबाइल व नकदी भी लूट ली गई। प्रॉपर्टी डीलर को तीसरे दिन मौका मिला तो वह वहां से भाग निकला। पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर ने कृष्णानगर थाने में तीन के खिलाफ अपहरण व अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया है।
पंड़ितखेड़ा निवासी एक युवक प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। उसने बताया कि गत चार मार्च को देर शाम वह मोहल्ले में बैठा था। इस बीच एक परिचित रवि प्रताप सिंह और उनके दो साथी बुलेट से आए। उन्होंने इशारा कर बुलाया और जबरन बुलेट पर बैठा लिया। शोर मचाने पर धमकी दी। इसके बाद एक मकान के हाते में ले गए। जहां, सारे कपड़े उतरवा दिए। मोबाइल से वीडियो बनाया। इसके बाद निर्वस्त्र कर डंडों और लात-घूसों से जमकर पीटा। हाते में बंधक बना लिया और दो दिन तक पीटते रहे।
तीसरे दिन किसी तरह मौका मिला तो पीड़ित वहां से भाग निकला। रास्ते में परिचित मेवालाल मिले। उनसे मदद मांगी तो उन्होंने क्षेत्र में स्थित मेरे मामा की दुकान पर छोड़ा। वहां से हालत सामान्य होने पर घर पहुंचे। फिर थाने पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक कृष्णानगर आलोक कुमार राय के मुताबिक, आरोपी रवि प्रताप सिंह और उसके दो साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि प्रापर्टी डीलर और रवि प्रताप व दो अन्य एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। शराब पीने के दौरान उनके बीच मारपीट हुई थी।