बहराइच में परिजनों से मिलतीं प्रियंका
- फोटो : अमर उजाला
घड़ी में पांच बजकर 25 मिनट हुए थे। तभी मृतक किसान गुरुविंदर सिंह के घर हलचल तेज हुई और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के आगमन की आहट हुई। सुरक्षा में तैनात महकमा अलर्ट हुआ और सुरक्षा के मद्देनजर श्रद्वांजलि सभा से सभी को बाहर किया गया। तभी पांच बजकर 32 मिनट पर महासचिव का काफिला मृतक किसान गुरविंदर के घर पहुँचा और प्रियंका सीधे श्रद्वांजलि सभा स्थल पर पहुँची।
मृतक किसान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उसके बाद वह मृतक किसान के परिजनों के बीच बैठकर ढांढस बंधाया और विश्वास दिलाया कि कांग्रेस उनके साथ है। घर से लेकर कोर्ट तक हम आपके साथ है और लड़ाई लड़ेगे। मुख्यालय से लगभग 40 किमी दूर स्थित मटेरा थाना क्षेत्र के मोहरनिया गांव में शाम को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के आने की खबर पर हलचल मची रही।
कहा- मोदी जी आपके रुख से डर रही है जनता
पीएम मोदी पर प्रियंका ने सीधा निशाना साधते हुए कहा कि मोदी जी आप जो यह संदेश दे रहे हैं, उससे जनता डर रही है। मंत्री को बर्खास्त कर अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। प्रियंका को परिवार के लोगों ने घटना के कुछ वीडियो भी दिखाए। जिस पर प्रियंका ने सभी को सांत्वना देते हुए आश्वासन दिया कि आपकी मांग रखी जाएगी।
प्रियंका के आगमन पर सबकी निगाहें उनको देखने के लिए टिकी रही। जैसे ही वह परिवार के बीच में बैठी। अचानक सन्नाटा पसर गया। वह मृतक किसान के पिता सुखविंदर व मां दलजीत कौर को ढांढस बंधाया। पीड़ित परिवार ने प्रियंका गांधी को घटना के दो वीडियो भी दिखाए। वीडियो को प्रियंका ने काफी गौर से देखा और सुना। वीडियो में भगदड़ के दौरान सुनाई देनी वाली आवाज को प्रियंका कानों के पास मोबाइल ले जाकर सुनती रही। 35 मिनट के अंदर प्रियंका ने पीड़ित परिवार को छह बार आश्वासन दिया और कहा कि वह उनकी लड़ाई में उनके साथ है। उन्होंने कहा कि आप के इस लड़ाई में कांग्रेस हर कदम पर मजबूती के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हुई है और मजबूती से लड़ाई लड़ने में साथ देगी। लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा का जिम्मेदार भाजपा सरकार के ऊपर ठोपते हुए दुख प्रकट किया। प्रियंका ने चलते समय परिवार का हाथ पकड़कर आश्वासन देते हुए मृतक किसान के चित्र के सामने दुख प्रकट किया और फिर मिलने की बात कहकर वहां से निकली।
आश्वासन दिया कि न्याय मिलेगा
मृतक किसान के पिता ने बताया कि बातचीत के दौरान प्रियंका गांधी ने आश्वासन दिया कि आपको न्याय मिलेगा। आप कही से भी कमजोर नही है। जहां तक लड़ाई लड़नी पड़ेगी। कांग्रेस हर लड़ाई में मजबूती से साथ खड़ी है। उनको बताया गया है कि जब तक मंत्री पद उनके पास है। तब तक न्याय मिलना मुश्किल है। मैंने उनसे मांग किया है कि न्याय दिलाया जाए। उन्होंने न्याय दिलाने का पूरा आश्वासन दिया है।
पीड़ित परिवार ने वीडियो में दिखाया घटना की सच्चाई
पीड़ित परिवार के पास दो वीडियो है। उसमें घटना की सच्चाई है। जिस तरह किसानों के साथ घटना घटी है। यह बहुत ही दु:खद है। पूरी लड़ाई लड़ी जाएगी। इंसाफ दिलाने तक मैं पीड़ित परिवार के साथ हैं।
प्रियंका गांधी,राष्ट्रीय महासचिव कांग्रेस