जिला कचहरियों में पिछले दिनों शातिर अपराधियों पर आपसी रंजिश में खूनी वारदातों के बाद पुलिस को पेशी पर लाए जाने वाले जेलों में बंद अपराधियों की रंजिश का चार्ट बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
डीजीपी एके जैन ने कप्तानों को भेजे निर्देश में कहा है कि इसकी जानकारी जुटाएं कि किस अपराधी की किससे रंजिश है और किस पर हमला होने का अंदेशा है। जिलों से यह रिपोर्ट रेंज को भेजी जानी है, जहां से इसे डीजीपी मुख्यालय भेजा जाएगा।
इस काम में जिला पुलिस के साथ स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) को भी लगाया जा रहा है। कोशिश हो रही है कि हर जिले की जेलों में बंद शातिर बदमाशों, माफिया की सूची जिलों के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी के पास रहे।
उन्हें यह भी जानकारी रखने को कहा गया है कि वे इन अपराधियों की अदालतों में होने वाली पेशी की गतिविधियों से भी अवगत रहें। अगर किसी जिले की जेल में किसी अन्य जिले का कोई शातिर बदमाश बंद है, तो यह जरूर पता कर लिया जाए कि उक्त बदमाश की किससे रंजिश चल रही है।