इस दौरान दो गिरफ्तारियां भी की गईं।
- फोटो : amar ujala
लोकसभा चुनाव को देखते हुए आबकारी विभाग की टीम अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में रविवार रात में अलीगंज सेक्टर सी स्थित दो रेस्टोरेंट में टीम ने छापा मारा। इस दौरान चिकी चिक रेस्टोरेंट और द ग्रिल चिल रेस्टोरेंट में बिना बार लाईसेंस के शराब परोसा जा रहा था। आबकारी विभाग की टीम ने दोनों रेस्टोरेंटों के प्रबंधकों व मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मौके पर मिले प्रबंधकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
745 आजाद महल, सदर कैंट निवासी चिकी चिक रेस्टोरेंट के प्रबंधक ऋषि खन्ना ने पूछताछ में बताया कि रेस्टोरेंट के मालिक सी 19 सेक्टर जी अलीगंज में रहने वाले रोविंद्र सिंह के निर्देश पर अधिक धनार्जन के उद्देश्य से रेस्टोरेंट परिसर के भीतर मदिरापान कराया जा रहा था।
ये भी पढ़ें - इस सीट से चुनाव लड़ेंगी प्रियंका गांधी! बस औपचारिक एलान होना बाकी, आसपास की सीटों पर बदलेंगे समीकरण
ये भी पढ़ें - इस सीट पर हाथी तय करेगा... कमल खिलेगा या पंजा छोड़ेगा छाप, बसपा के दांव पर सबकी टिकी नजर; ये हैं दावेदार
आबकारी विभाग ने रेस्टोरेंट से विदेशी मदिरा की एक भरी हुई व पांच खाली बोतल तथा बियर के 10 खाली केन बरामद किए। रेस्टोरेंट मालिक को मौके पर बुलाया गया लेकिन वह फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने फर्जीवाड़े के आरोप में प्रबंधक ऋषि खन्ना को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, द ग्रिल चिल रेस्टोरेंट में छापेमारी की गई तो यहां भी अवैध ढंग से मदिरा पान कराया जा रहा था। इस रेस्टोरेंट के प्रबंधक भटपुरा ग्राम सिधौली जनपद शाहजहांपुर निवासी सेजल गुप्ता से पूछताछ की गई।
सेजल गुप्ता ने बताया कि रेस्टोरेंट के मालिक मुंशीपुलिया निवासी प्रियंक श्रीवास्तव रुपये कमाने की लालच में फर्जीवाड़ा कर रहा था। रेस्टोरेंट से विदेशी मदिरा की 6 खाली बोतल तथा बियर के 10 उपयोग की गई केन बरामद की गई। आबकारी विभाग ने रेस्टोरेंट मालिक को बुलाया, लेकिन वह नहीं पहुंचा। इसके बाद प्रबंधक सेजल गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जिला आबकारी अधिकारी का कहना है कि शराब के अवैध अड्डों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।