लखनऊ। मड़ियांव पुलिस ने बृहस्पतिवार को कैरियर ग्रुप के मालिक अजमत अली व सपा सरकार में राज्यमंत्री रहे उनके बेटे इकबाल की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। दोनों पर मड़ियांव थाने में जालसाजी, सरकारी जमीनों पर कब्जा व गिरोह बनाकर अवैध संपत्तियां हासिल करने का मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने जुलाई में कैरियर ग्रुप से जुड़ी ढाई अरब की संपत्ति जब्त की थी।
एसीपी अलीगंज अखिलेश सिंह के मुताबिक बुधवार को मड़ियांव पुलिस ने अजमत अली और पूर्व मंत्री इकबाल के खिलाफ हिस्ट्रीशीट खोली है। अब थाने के रजिस्टर में रोज दोनों के दैनिक क्रियाकलाप दर्ज किए जाएंगे। दोनों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अरेस्ट स्टे ले रखा है। अब इन्हें रोज थाने आकर अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। बिना पुलिस की अनुमति के ये शहर से बाहर नहीं जा सकेंगे। मड़ियांव थाने में अजमत अली पर पहला मुकदमा वर्ष 2000 में मारपीट व एससीएसटी एक्ट में दर्ज हुआ था। इसके दस साल बाद हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ। धीरे-धीरे यह सिलसिला बढ़ता गया। अब अजमत के खिलाफ मड़ियांव थाने में ही आठ मुकदमे दर्ज हैं। इसमें हत्या के प्रयास, कूटरचित दस्तावेज तैयार कर संपत्तियां बनाने व बलवा जैसे मामले हैं। वहीं बेटे मो. इकबाल पर मड़ियांव थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैं।
ये संपत्तियां हुई थीं जब्त
एसीपी अलीगंज के मुताबिक कैरियर ग्रुप के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने गिरोहबंद आपराधिक कृत्य करने के कारण धारा 14(1) की कार्रवाई करते हुए 254 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली थी। इसमें कैरियर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सांइसेज एंड हॉस्पिटल (एकेडमिक ब्लॉक, हॉस्पिटल, कैंपस), एमबीबीएस बॉयज हॉस्टल, कैरियर पीजी इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल सांइस एंड हॉस्पिटल (डेंटल कॉलेज, डेंटल हॉस्पिटल, नर्सिंग कॉलेज, स्टेडियम, भवन इंटर्न बॉयज हॉस्टल व परिसर), बीडीएस गर्ल्स हॉस्टल, बीडीएसी बॉयज हॉस्टल, एमबीबीएस गर्ल्स हॉस्टल, नर्सेस हॉस्टल, डॉ. रेजीडंस हॉस्टल, इंटर्न पीजी गर्ल्स हास्टल, कैंटीन, मेस, डेंटल कालेज परिसर में एसटीपी, ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र मुतक्कीपुर, दो मंजिला अधूरा निर्माण, कैरियर कॉन्वेंट कॉलेज परिसर विकासनगर सेक्टर-5, अर्धनिर्मित दो मंजिला भवन, घैला, मुतक्कीपुर, अल्लूनगर डिगुरिया, बरौरा हुसैनबाड़ी, अलीनगर में स्थित भूमि जिसकी कीमत 2,52,58,52,421 रुपये व पंजाब नेशनल बैंक घैला, एक्सिस बैंक शाखा आईआईएम रोड, एसबीआई पांडेयगंज नादानमहल रोड, आईसीआईसीआई नादान महल रोड में अजमत अली और मो. इकबाल व परिवारीजनों और ट्रस्ट के नाम से जमा 77,35,530 रुपये जब्त किए गए। इसके अलावा स्वयं और ट्रस्ट के नाम से खरीदी गईं लग्जरी गाड़ियां जिनमें बस, क्वालिस, इनोवा, फार्रच्यूनर, ऑडी व अन्य वाहन शामिल हैं, जिनकी कीमत 10,91,15,000 रुपये है। पुलिस के मुताबिक ये सारी संपत्ति अजमत अली ने 26 सालों में गिरोह बनाकर अवैध तरीके से हासिल की। इसके लिए उसने 26 साल पहले एक एजुकेशनल ट्रस्ट की स्थापना की थी। इसके पहले वह निसार अली के घर पर 1200 रुपये की नौकरी करता था। गिरोह बनाकर अवैध तरीके से संपत्तियां बनाने में बेटा मो. इकबाल भी शामिल रहा।