रेस्टोरेंट में वेटर की हत्या का आरोपी गिरफ्तार
- परिजनों ने एवरेडी चौराहे पर शव रखकर किया प्रदर्शन
- विकासनगर पुलिस पर अन्य आरोपियों को बचाने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। विकासनगर के महाबली किचन रेस्टोरेंट में वेटर ऋषि थापा की चाकू से गोदकर हत्या करने के आरोपी लकी रावत को पुलिस ने गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद ऋषि के परिजनों ने एवरेडी चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने विकासनगर पुलिस पर सिर्फ एक आरोपी को ही गिरफ्तार कर चार अन्य को बचाने का आरोप लगाया। इस पर एसीपी बाजारखाला विजयराज सिंह व इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने किसी तरह से समझाकर परिजनों को शांत कराया।
बाजारखाला के नंदा खेड़ा निवासी ऋषि थापा (21) शनिवार को विकासनगर के महाबली किचन रेस्टोरेंट में वेटर की नौकरी करने गया था। रविवार से उसे काम करना था। मगर शनिवार रात रेस्टोरेंट बंद होने के बाद किसी बात को लेकर झगड़ा होने पर कर्मचारी लकी रावत ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर ऋषि की हत्या कर दी थी। ऋषि के पिता बल बहादुर थापा की तहरीर पर विकासनगर पुलिस ने आरोपी लकी रावत के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी। विकासनगर इंस्पेक्टर आनंद कुमार तिवारी ने सोमवार को टीम के साथ टेढ़ी पुलिया के पास से आरोपी लकी रावत को दबोचकर उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया।
अमर उजाला ई-पेपर फ्री में पढ़ने के लिए अमर उजाला ऐप डाउनलोड करें,
एकदम फ्री, ये ऑफर सीमित समय के लिए है।
अमर उजाला ई-पेपर डेली एक रुपये से भी कम, अभी
सब्सक्राइब करें और अपने शहर की हर खबर, हर समय, हर डिवाइस पर पाएं ।