प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या निवासी मीरा के घर जाकर चाय पी। उसकी स्थिति की जानकारी ली। प्रधानमंत्री के जाने के कुछ घंटे बाद ही मीरा और उनके परिवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य बीमा योजना में शामिल कर लिया गया है। अयोध्या जिलाधिकारी ने उनके घर जाकर बीमा योजना संबंधित पत्र सौंपा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अयोध्या निवासी मीरा के घर पहुंचे। मीरा प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्जवला योजना की लाभार्थी हैं। प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान उन्होंने इलाज से जुड़ी समस्या बताई। इस पर देर शाम मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा को अवगत कराया कि मीरा को मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना में शामिल करने का निर्णय लिया गया है।
इस पर स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें योजना में शामिल करने की संस्तुति दी। देर शाम जिलाधिकारी नितीश कुमार ने मीरा के घर पहुंच कर उन्हें योजना में शामिल होने संबंधी पत्र सौंपा। इसके तहत अब मीरा, उनके पति सुरज कुमार और बच्चे दुर्गेश्वरी, वीर और नैतिक को योजना में शामिल किया जाएगा। इन्हें जल्द ही आयुष्मान कार्ड भी मुहैया कराया जाएगा।