केजीएमयू के साथ ही अन्य सभी कॉलेजों के पैरा मेडिकल डिप्लोमा प्रशिक्षण के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर आई है। दो बार परीक्षा टलने के बाद उत्तर प्रदेश स्टेट मेडिकल फैकल्टी ने परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा 11 से 16 अक्तूबर के बीच प्रस्तावित है। इससे पहले दो बार परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद रद्द कर दी गई थी। अब एक बार फिर से परीक्षा कार्यक्रम जारी किया गया है। सचिव की ओर से जारी कार्यक्रम में प्रथम और द्वितीय वर्ष की परीक्षा 11 से 16 अक्तूबर के बीच होगी, जबकि सैनीटेशन की परीक्षा 11 अक्तूबर को पहला पेपर, 12 अक्तूबर को दूसरा, 13 अक्तूबर को तीसरा तथा 16 अक्तूबर को चौथा पेपर होगा। परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच होगी।
ऑनलाइन माध्यम से भेजे जाएंगे प्रश्नपत्र
पैरा मेडिकल डिप्लोमा प्रशिक्षण की परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों को ऑनलाइन माध्यम से भेजे जाएंगे। परीक्षा केंद्र प्रभारी परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले प्रश्नपत्र डाउनलोड कर सकेेंगे। इस व्यवस्था से नकल पर रोक लगेगी तथा गोपनीयता बनी रहेगी।