सुरक्षा के दृष्टिकोण से पंचकोसी परिक्रमा को तीन जोन में बांटकर 1 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में मुख्य राजस्व अधिकारी पीडी गुप्ता को तैनात किया गया है। इसके अलावा 3 जोनल मजिस्ट्रेट, 8 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 23 स्टैटिक मजिस्ट्रेट को भी तैनात किया गया है।
मेले में 8 एएसपी, 20 डीएसपी, 30 निरीक्षक, 200 उप निरीक्षक, 700 महिला व पुरुष आरक्षियों के साथ 10 कंपनी सीआरपीएफ, आरएएफ व पीएसी के जवानों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है।
मेला सुरक्षाधिकारी एसपी सिटी विजयपाल सिंह ने बताया कि अयोध्यावासियों को उनका पहचान पत्र देखकर अयोध्या में प्रवेश दिया जा रहा है। परिक्रमा मार्ग पर पड़ने वाली हलकार का पुरवा व जालपा देवी चौराहा स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। रामनगरी के प्रमुख मंदिरों समेत परिक्रमा मार्ग की निगरानी सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से की जा रही है।
वहीं, मेले को लेकर अयोध्या आने जाने वाले मार्ग पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया। विशेषकर बेनीगंज तिराहा, दर्शननगर, बालू घाट, पुराने पुल पर कटरा रेलवे स्टेशन के पास से ही वाहनों को अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया, जबकि राष्ट्रीय राजमार्ग बिना किसी राक टोक के जारी रहेगा।