लखनऊ। गोमती नगर के विशालखंड निवासी रिटायर्ड आईएएस के घर चोरी के मामले में पुलिस ने बुधवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी का सोने का कंगन बरामद हुआ है।
गोमती नगर के विशालखंड निवासी रिटायर्ड आईएएस अजय जोशी की पत्नी मीनाक्षी जोशी ने 22 अक्तूबर को गहने, मूर्ति आदि सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 23 अक्तूबर को पुलिस ने मीनाक्षी के नौकर व हरदोई निवासी राम रईस, शाहाबाद निवासी पूजा उर्फ मूर्ति व उसकी बहन शीतल वर्मा को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया था। तीनों ने अलमारी से सोने-चांदी व हीरे के गहने, नकदी व कीमती बर्तन चुराकर मीनाक्षी के घर के बगल में खाली पड़े प्लॉट में गड्ढा खोदकर गाड़ दिए थे। वहां से पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये कीमत का सामान बरामद कर लिया था।
एसीपी गोमतीनगर श्वेता श्रीवास्तव ने बताया कि गोमती नगर थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक वेदप्रकाश शुक्ल व उपनिरीक्षक वंदना पांडेय ने इसी मामले में बुधवार को बाबूराम निवासी चौक शाहबाद, थाना शाहाबाद, हरदोई को मिठाई वाला चौराहेे से गिरफ्तार किया है। उसके पास से मीनाक्षी जोशी के घर से चुराया गया सोने का कंगन बरामद हुआ है। एसीपी ने बताया कि बाबूराम पूर्व में गिरफ्तार की गई पूजा उर्फ मूर्ति व शीतल का पिता है।