कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से जनवरी-फरवरी में होने वाली शादियों की तैयारियों में जुटे परिवार असमंजस में हैं।
रद्द होती उड़ानें और बढ़ी सतर्कता के बीच उन्हें डर है कि कहीं कार्यक्रम टालना न पड़ जाए। ऐसे में बुकिंग व तैयारियों में लगा पैसा बर्बाद चला जाएगा। वहीं, वेडिंग प्लानर, कैटरर्स और होटल कारोबारी भी प्लान बी के तहत कार्यक्रम शिफ्ट करने का आश्वासन दे रहे हैं।
उधर, जिन लड़कों को विदेश से आना है, वे परेशान हैं कि शादी के बाद अपनी दुल्हनिया को लेकर लौट पाएंगे या नहीं। दूसरी ओर, होने वाली दुल्हन ये सोचकर परेशान है कि दुल्हेराजा आएंगे कैसे।
दुविधा में क्लाइंट, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक
वेडिंग प्लानर शिप्रा भदौरिया कहती हैं कि जनवरी के अंत में जिस लड़की की शादी है, उसके होने वाले पति अमेरिका में हैं। अभी तक के प्लान के मुताबिक, क्रिसमस की छुट्टियों में उन्हें आना है। भारत से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक के फैसले के बाद दुविधा बढ़ गई है कि लौटेंगे कैसे।
बुकिंग अमाउंट की वापसी चाहते हैं पक्की
वेडिंग प्लानर हामिद हुसैन कहते हैं कि सबकुछ राजी-खुशी चल रहा है। अचानक क्लाइंट फोन कर पक्का करना चाहते हैं कि यदि शादियां टालनी पड़ी या लोगों को कम करना पड़ा तो क्या बुकिंग अमाउंट वापस होगा। इस पर कार्यक्रम शिफ्ट करने का आश्वासन ही दे सकते हैं।
मेहमान कम करने पड़े तो क्या करेंगे
कैटरर शाहनवाज अख्तर कहते हैं कि अभी तो मुस्लिम शादियां शुरू होंगी, फिर जनवरी से लेकर अप्रैल तक की बुकिंग है। मेहमानों की बड़ी संख्या के हिसाब से बुकिंग है। क्लाइंट तो बाद में फोन करेगा, हम खुद पशोपेश में हैं कि मेहमान कम करने पड़े तो बिजनेस का क्या होगा। होटल कारोबारी स्रजल गुप्ता कहते हैं कि एक सीजन के खत्म होने से पहले दूसरे की बुकिंग हो जाती है। जिन्हें 2022 में आयोजन करना है, जिन होटलों की बुकिंग हैं, यदि हालात बिगड़े तो होटल कारोबार बर्बाद होना तय है।
18 को है वापसी, पर मन में कई सवाल
कृष्णानगर थाना क्षेत्र के विजयनगर निवासी धनंजय जापान में रहते हैं। बहन की शादी के लिए नवंबर में आए थे। शादी धूमधाम से निपट गई, 18 की वापसी है। कहते हैं कि जब तक चले नहीं जाते तब तक कुछ कहना मुश्किल हैं। मन में कई सवाल हैं।