हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। बीते कई दशकों में यह संभवतः पहला अवसर है कि जब उत्तर प्रदेश में एक साथ 5,000 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। जल्द ही इन स्वास्थ्य केंद्रों को लोकार्पित किया जाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुगमतापूर्वक लोगों को चिकित्सकीय सुविधा मुहैया कराने में यह उपकेंद्र अत्यंत उपयोगी होंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकीय उपकरण, प्रशिक्षित चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता जल्द से जल्द करा दी जाए।
प्रदेश के धार्मिक, आध्यात्मिक स्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों के जीर्णोद्धार और समग्र विकास के उद्देश्य से विगत साढ़े चार वर्ष में राज्य सरकार द्वारा अनेक प्रयास किए गए हैं। जनपद सीतापुर स्थित नैमिषारण्य धाम ऐसा ही एक पवित्र धाम है। श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक पर्यटन की सम्भावनाओं को विस्तार देने के लिए "नैमिषारण्य तीर्थ विकास परिषद" का गठन किया जाना आवश्यक है। इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाए।
त्योहारों के दृष्टिगत पुलिस बल से अतिरिक्त सतर्कता व संवेदनशीलता अपेक्षित है।अराजक तत्वों की सक्रियता बढ़ सकती है। पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। शहरों में ट्रैफिक जाम की स्थिति न हो, इसके लिए फुट पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाए। पुलिस बल सतत गश्त जारी रखे। जहां पटाखों का क्रय-विक्रय हो, वहां फायर टेंडर के पर्याप्त इंतज़ाम किए जाएं।
प्रदेश में निवेश कर रहीं औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा इंसेंटिव प्रदान किया जा रहा है। ऐसे सभी प्रकरणों की गहन समीक्षा कर यथाशीघ्र यथोचित समाधान किया जाए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अतिशीघ्र मेरठ से प्रयागराज तक प्रस्तावित "गंगा एक्सप्रेस-वे" और विश्वस्तरीय "नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर" का शिलान्यास किया जाना है। दोनों ही परियोजनाएं प्रदेश के विकास को रफ्तार देने वाली होंगी। इस संबंध में सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।