विश्वविद्यालय के विषय से संबंधित विभाग और संबद्ध महाविद्यालय अपने स्तर से ऑनलाइन या ऑफलाइन परीक्षा आयोजित कराकर उनका मूल्यांकन कर विद्यार्थियों के प्राप्तांक विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराएंगे।
पूर्णांक के 50 प्रतिशत होंगे सेशनल या मिड टर्म परीक्षा के अंक
मिड टर्म परीक्षा, सेशनल परीक्षा, ट्यूटोरियल, असाइनमेंट और प्रोजेक्ट के अंकों का विवरण सत्र शुरू होने से पहले पाठ्यक्रम समिति द्वारा निर्धारित किया जाएगा। सेमेस्टर या वार्षिक परीक्षा के पूर्णांक के सापेक्ष अधिकतम 50 प्रतिशत अंक इन्हीं से निर्धारित होंगे।
मिड टर्म परीक्षा, सेशनल परीक्षा, ट्यूटोरियल, असाइनमेंट और प्रोजेक्ट के संबंधित प्रश्न पत्र में विद्यार्थी को प्राप्त कुल अंक का 25 से 50 प्रतिशत तक उस प्रश्न पत्र की वार्षिक या सेमेस्टर परीक्षा के अंक में जोड़कर परीक्षा परिणाम जारी किया जाएगा। किसी कारण से वार्षिक या सेमेस्टर परीक्षा नहीं होने पर इन्हीं अंकों के आधार पर परिणाम जारी किया जा सकता है।
4 अगस्त से ऑनलाइन क्लासेज शुरू होगीं
शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष को छोड़कर स्नातक और स्नातकोत्तर की शेष कक्षाओं में 4 अगस्त से ऑनलाइन कक्षाएं संचालित होंगी। स्थितियां सामान्य होने पर एक अक्तूबर से विश्वविद्यालयों और डिग्री कॉलेजों में कक्षाएं संचालित कर पठन-पाठन किया जाएगा।
स्नातक में नया प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए शिक्षण कार्य स्थिति सामान्य होने पर एक अक्तूबर से शुरू होगा। 15 जून 2021 तक वार्षिक परीक्षा के परिणाम घोषित किए जाएंगे।