लखनऊ में आशियाना स्थित एक प्ले ग्रुप स्कूल के म्यूजिक टीचर ने ढाई वर्षीय छात्रा से घिनौनी हरकतें करके शर्मसार कर दिया। बृहस्पतिवार को छात्रा घर पहुंची तो निजी अंगों में दर्द की शिकायत की। मां उसे दिखाने ले गई, जहां डॉक्टर ने उसे गंभीर संक्रमण होने की जानकारी दी।
बच्ची की मां ने पुचकार कर पूछा तो उसने स्कूल में कई दिन से चल रहे घिनौने खेल की बात कहकर रोंगटे खड़े कर दिए। परिवारीजन पुलिस को लेकर स्कूल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। पुलिस ने म्यूजिक टीचर पवन गुप्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।पुलिस ने बताया कि छात्रा के पिता की करीब छह महीने पहले मौत हो चुकी है। उसकी मां ने इसी साल उसका दाखिला घर के पास ही एक प्ले ग्रुप स्कूल में कराया था। स्कूल में इलाके का ही युवक पार्ट टाइम म्यूजिक सिखाने आता था।
छात्रा की मां का आरोप है कि म्यूजिक सिखाने के बहाने पवन गुप्ता कई दिन से उसकी बच्ची से छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें कर रहा था। दो दिन से वह कुछ सुस्त नजर आ रही थी। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 11.30 बजे स्कूल की छुट्टी होने पर मां उसे घर लेकर आई तो बच्ची ने दर्द की शिकायत की।
मां उसे पास में ही डॉक्टर को दिखाने ले गई तब सच सामने आया। गुस्साई मां अपने भाई के साथ बच्ची को लेकर स्कूल पहुंच गईं और जमकर हंगामा किया। हालांकि, स्कूल प्रशासन म्यूजिक टीचर पर लगे आरोपों को मानने के लिए तैयार नहीं था।
कोई सुनवाई न होने पर पीड़ित परिवार आशियाना थाना पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने स्कूल जाकर छानबीन की। छात्रा के सामने म्यूजिक टीचर को लाया गया तो उसने पहचान लिया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।