लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी के मस्तेमऊ में बबूल के जंगल में बृहस्पतिवार दोपहर एक 30 साल के युवक का अर्धनग्न हालत में सिरविहीन शव मिला। उसकी गला काटकर हत्या की गई थी। सिर गायब था। सिर्फ धड़ ही पुलिस के हाथ लगा है। इस वजह से शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है।
मस्तेमऊ में बबूल के जंगल में बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों ने एक सिर कटी अर्धनग्न लाश देखी। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक सुशांत गोल्फ सिटी विजयेंद्र सिंह के मुताबिक, शव की शिनाख्त का प्रयास किया गया पर सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के शरीर पर सिर्फ अंडरगारमेंट था। युवक की उम्र करीब 30 वर्ष है जिसका सिर्फ धड़ ही मिला है, सिर की तलाश की जा रही है। आशंका है कि किसी जानवर ने खा लिया होगा। शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है।
100 मीटर दूर मिले जूते और बेल्ट
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, जिस जगह पर युवक का शव मिला उससे करीब 100 मीटर दूर एक जोड़ी जूते और बेल्ट मिली है। इसके अलावा अन्य कोई कपड़ा या सामान नहीं मिला है जिससे युवक की शिनाख्त की जा सके। जंगल में उसके कपड़े या अन्य वस्तुएं खोजी जा रही हैं। इसके अलावा सभी थानों में शव मिलने की सूचना दे दी गई है। थानों से हाल में गुमशुदा लोगों की भी डिटेल मांगी गई है। पोस्टमार्टम के बाद युवक की मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं कि किसी ने युवक को आते जाते जंगल में देखा या नहीं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।