समाजवादी पार्टी में शीर्ष स्तर पर घमासान पर विराम लगाने के लिए पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह ने सोमवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव के साथ लंबी बातचीत की।
समझा जा रहा है कि उनका पूरा जोर गिले-शिकवे दूर कर एकजुटता का संदेश देने पर था। इसकी शुरुआत 5 नवंबर को जनेश्वर मिश्र पार्क में सपा के रजत जयंती समारोह से हो सकती है। इसमें मुलायम सिंह का पूरा कुनबा मंच पर एक साथ नजर आ सकता है।
मुलायम ने सोमवार को दोपहर बाद अखिलेश यादव को अपने विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर बुलाकर बातचीत की। इसमें पिछले दिनों के घटनाक्रम और इससे होने वाले नुकसान को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद उन्होंने अखिलेश और शिवपाल को एक साथ बैठाकर उनके मतभेद दूर कराने की कोशिश की। यह बैठक भी काफी देर चली।
सपा मुखिया ने कहा कि चुनाव से पहले पार्टी में कलह और फूट का संदेश जाना ठीक नहीं है। इस बैठक के बाद माना जा रहा है कि अखिलेश पांच नवंबर को पार्टी के रजत जयंती समारोह में शामिल होंगे। इस आयोजन में मुलायम परिवार के सभी प्रमुख सदस्यों की मौजूदगी से पार्टी में एकजुटता दिखाने की कोशिश की जाएगी। उसी दिन सपा कार्यकर्ताओं की भीड़ में अखिलेश को पार्टी का चेहरा घोषित किया जा सकता है।