लखनऊ के बंथरा के रहीमनगर मोड़ के पास बुधवार सुबह बेकाबू ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे पिता बंशीलाल घायल हो गए। इस बीच ट्रक छोड़कर चालक भाग निकला।
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ट्रक में तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने काफी मान-मनौव्वल के बाद ग्रामीणों को शांत करवाकर शव पोस्टमार्टम को भेजवाया।
इंस्पेक्टर शिव शंकर सिंह ने बताया कि बंथरा के अमावां गांव निवासी बख्तावर का बेटा बंशीलाल किसान था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वह पत्नी सत्यावती (38) व बेटी काजल (18) संग बाइक से उन्नाव ससुराल के लिए निकला था। रहीमनगर मोड़ के पास मोहान की ओर से से आ रहे बेकाबू ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सत्यावती व इकलौती बेटी काजल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बंशीलाल गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हादसे में बाइक ट्रक में फंसकर 20 मीटर तक घिसटती चली गई। इस बीच चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। ग्रामीणों ने ट्रक में फंसी बाइक को निकालकर बंशीलाल को ट्रॉमा सेंटर भेजा। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने ग्रामीणों की मदद से मां-बेटी शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने ग्रामीणों को शांत करवाकर शव पोस्टमार्टम को भेजवाया।