यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मेधावियों को बधाई देते हुए कहा कि हम प्रदेश के हर टॉपर के गांव तक सड़क बनाएंगे ताकि लोगों को पता चले कि ये टॉपर्स का गांव है। केशव बुधवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अमर उजाला द्वारा आयोजित मेधावी छात्र सम्मान उत्सव 2017 में बोल रहे थे।
उन्होंने मेधावियों से कहा कि सोशल मीडिया से बच्चे हमसे जुड़े हुए हैं। आप अपनी दिक्कतें हमें बताइए। आप मुख्यमंत्री को मेल कीजिए। यूपी की प्रतिभा हर जगह है। दुनिया की चिकित्सा व्यवस्था से लेकर नासा तक देश के नौजवान हैं।
इस लिंक पर क्लिक करें और देखें, अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान उत्सव 2017 से जुड़ी खबरें व गैलरी
विद्यार्थियों को हमेशा होना चाहिए असंतुष्ट
वहीं, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा बोले कि विद्यार्थियों को कभी संतुष्ट नहीं होना चाहिए। उन्हें हमेशा और बेहतर करने की कोशिश करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं आज भी उस ज्योमेट्री बॉक्स की पूजा करता हूं जो कि मुझे हाईस्कूल में प्रथम आने पर मिला था। इससे मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
वहीं, इसके पहले केशव प्रसाद मौर्य व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने मेधावियों को सम्मानित किया।
जबकि, कल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांच कालिदास मार्ग पर स्थित अपने सरकारी आवास पर मेधावियों का उत्साह बढ़ाया था।
योगी ने मेधावियों को सम्मानित करते हुए कहा था कि हर व्यक्ति के अंदर कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है। इसलिए विद्यार्थियों को अपने अंदर छिपी प्रतिभा को पहचानना होगा, निखारना होगा ताकि राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकें। सीएम ने कहा कि हमारे आसपास की समस्याएं तभी दूर हो सकती हैं, जब उन्हें दूर करने के लिए समाज पहल करे और सरकार पहल करने वालों का सहयोग करे।
सीएम योगी मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से ‘अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान उत्सव’ में शामिल होने आए छात्र-छात्राओं से मुखातिब थे। मुख्यमंत्री ने मेधावियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा, आप हमारे समाज के अनमोल रत्न हैं। हमें पूरा भरोसा है कि राष्ट्र को नई दिशा देने में आपकी प्रतिभा का भरपूर उपयोग हो पाएगा।