कोरोना की दूसरी लहर में नगर निगम में जिन 40 कर्मचारियों की मृत्यु हुई है उनमें से 12 के आश्रितों की नियुक्ति हो गई।
उनमें 12 लोगों को नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन और महापौर संयुक्ता भाटिया ने नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसे लेकर नगर विकास मंत्री के सरकारी आवास पर बुधवार को कार्यक्रम किया गया।
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि नगर निकाय के सभी कर्मचारियों ने कोरोना संकट के पिछले एक वर्ष में सैनिटाइजेशन, सफाई और दवा वितरण के अभियान में उल्लेखनीय कार्य किया है।
विशेष रूप से कंटेनमेंट जोन में काम प्रशंसनीय रहा है। इससे महामारी को रोकने में काफी मदद मिली है। जिन कर्मचारियों ने दायित्वों का पालन करते हुए जान गंवाई। ऐसे कर्मचारी जो अब हमारे बीच नहीं हैं उनके परिवार एवं आश्रितों की चिंता करना हमारा फर्ज है।
महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि शासन द्वारा कोरोना से जान गंवाने वाले कर्मचारियों के आश्रितों को 50 लाख रुपये की सहायता दी जानी है। इसके लिए 13 कर्मचारियों के आश्रितों की सूची भेजी गई है।
सरकार इस दुख की घड़ी में मृतक कर्मचारियों के परिवारजनों के साथ है। उनको जो भी आवश्यकता होगी उसे पूरा किया जाएगा।
नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी ने नियुक्ति की प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने के लिए अधिष्ठान के अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना की।
इस मौके पर अपर नगर आयुक्त अमित कुमार, अर्चना द्विवेदी, नगर निगम उपाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, भाजपा पार्षद दल नेता कौशलेंद्र द्विवेदी, पार्षद रामकृष्ण यादव, राजेश मालवीय और राम औतार कनौजिया प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
...और आया की नौकरी को लेकर असमंजस में पड़ गई बबिता
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पद पर कार्यरत अजय की पत्नी उस समय असमंजस में पड़ गई जब उसे पता चला कि उसे आया पद पर नियुक्ति दी गई है। बबिता संग आए उनके पिता कहना था कि बेटी को ट्रिपल सी का कोर्स करा रहे हैं। वह चाहते हैं कि वह बाबू बने। आया पद पर तो आगे प्रमोशन मिलेेगा नहीं। इस पर अधिकारियों ने समझाया कि आया का पद भी चतुर्थ श्रेणी का है और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का तृतीय श्रेणी यानी बाबू पद प्रोन्नत किया जाता है। इसके बाद उसने नियुक्ति पत्र ले लिया।
इन्हें मिली नौकरी
अर्चना पत्नी स्व. दुर्गेश- सफाई नायक
सविता पत्नी स्व. संजय - सफाईकर्मी
प्रीति कुमार पत्नी स्व. ललित- सफाईकर्मी
विशाल कश्यप पुत्र स्व. शिमला देवी- चपरासी
मोहित कमार पुत्र स्व. राम खेलावन-माली
राहुल कुमार पुत्र स्व. अनिल कुमार-माली
राधा देवी पत्नी स्व. बलवंत चौरसिया- आया
बबिता गुप्ता पत्नी स्व. अजय कुमार-आया
मोहन चौहान पुत्र स्व. रत्ती लाल- लोडर
अमर गुप्ता पुत्र स्व. जमुना प्रसाद- गैंगमैन
चंद्रप्रकाश शुक्ला पुत्र स्व. ओम प्रकाश- पोर्टर
फैजुद्ददीन पुत्र स्व. फहीमुद्दीन- क्लीनर