प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार के घोटालों पर पर्दा डालने के लिए आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह यूपी सरकार पर झूठे आरोप लगा रहे हैं।
प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार के घोटालों पर पर्दा डालने के लिए आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह यूपी सरकार पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली वालों का दम निकाल दिया है।
विज्ञापन
संजय सिंह पर पलटवार करते हुए खन्ना ने यूपी सरकार पर मेडिकल उपकरण की खरीद फरोख्त पर लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में ऑक्सीजन घोटाला करने वाली केजरीवाल सरकार अपने घोटालों पर पर्दा डालना चाहती है। उन्होंने कहा कि आप खोखले आरोपों से कोरोना महामारी के दौरान योगी सरकार की ओर से किए गए कार्यों को झूठला नहीं सकती। उन्होंने कहा कि देश के अन्य प्रदेशों की तुलना में यूपी में बेहतर तरीके से कोरोना प्रबंधन किया गया है, इसी कारण यूपी की स्थिति अन्य प्रदेशों से बेहतर है।
खन्ना ने कहा कि हर चिकित्सा उपकरण के कई मॉडल होते हैं। वेंटिलेटर के बेसिक मॉडल के साथ ही बाजार में उस कंपनी के ही अलग-अलग फीचर के ये वेंटिलेटर मौजूद हैं, जिनके दाम बेसिक मॉडल से ज्यादा होते हैं। उन्होंने कहा कि वेंटिलेटर (ड्रेजर) के बेसिक मॉडल की कीमत 10.50 लाख रुपये है जबकि इसके अपग्रेडेबल मॉडल के लिए अधिक राशि दी गई है।