कृषि बिल के विरोध में चल रहे किसानों के आंदोलन के चलते पंजाब की कई ट्रेनें शनिवार तक निरस्त कर दी गई हैं। इसके चलते लखनऊ से गुजरने वाली कुछ ट्रेनें भी प्रभावित हो रही हैं। वहीं, एहतियातन चारबाग रेलवे स्टेशन और लखनऊ जंक्शन पर अलर्ट कर दिया गया है।
शनिवार को अमृतसर से जयनगर जाने वाली सरयू यमुना स्पेशल (04050) अंबाला कैंट से चलेगी। ऐसे ही गुरुवार को धनबाद से फिरोजपुर के लिए चली गंगा सतलज स्पेशल (03307) भी अंबाला कैंट में निरस्त कर दी गई। वापसी में शनिवार को फिरोजपुर से चलने वाली गंगा सतलज स्पेशल (03308) का संचालन अंबाला कैंट से ही किया जाएगा।
उधर, 22 सितंबर को डिब्रूगढ़ से अमृतसर के लिए रवाना हुई डिब्रूगढ़ अमृतसर स्पेशल (05933) भी अंबाला स्टेशन पर रद्द हो जाएगी। शुक्रवार को अमृतसर से चलने वाली अमृतसर डिब्रूगढ़ स्पेशल (05934) ट्रेन को अंबाला कैंट स्टेशन से रवाना किया जाएगा।