कोरोना के चलते दर्शकों की बेतहाशा कमी के बीच वीकेंड पर दो दिन लॉकडाउन की व्यवस्था के चलते लखनऊ जू प्रशासन ने सोमवार को साप्ताहिक बंदी निरस्त करने का फैसला लिया है। अब जू सोमवार को भी खुलेगा और दर्शक सैर कर सकेंगे। वीकेंड लॉकडाउन की वजह से जू सप्ताह में चार दिन ही खुल पा रहा था।
निदेशक जू आरके सिंह ने गुरुवार को बताया कि कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए शनिवार व रविवार को लॉकडाउन के चलते नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान भी वीकेंड पर बंद रहता है। ऐसे में सोमवार को साप्ताहिक बंदी की आवश्यकता न होने के कारण इस दिन जू खोलने का निर्णय लिया है।
इन दिनों 10 फीसदी दर्शक ही जू आ रहे हैं। गत 9 जून से जब लखनऊ जू दर्शकों के लिए दोबारा खोला गया तो दिन के तीन सत्रों में अधिकतम 1500 दर्शकों को प्रवेश देने की सीमा रखी गई। लेकिन एक महीना बीतने के बाद भी प्रतिदिन तय सीमा से महज 10-12 प्रतिशत दर्शक ही सैर करने आ रहे हैं। जू के सीनियर स्टाफ के मुताबिक लगभग 25 साल पहले लखनऊ जू में जब साप्ताहिक बंदी शुरू हुई तो सोमवार का दिन चुना गया था।