लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के कला स्नातक (बीए) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए इस वर्ष पिछली बार से भी ज्यादा रुझान देखने को मिल रहा है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कुल 6600 आवेदन प्राप्त हुए हैं। यह संख्या पिछले सभी प्रवेश रिकॉर्ड को पीछे छोड़ गई है। विवि प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2025-26 में बीए पाठ्यक्रम के लिए लगभग 6500 आवेदन आए थे। इस बार संख्या 6600 पहुंच गई है।
कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने कहा कि विवि का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षा प्रदान करना है। यह शिक्षा बहुविषयक, रोजगारपरक और वैश्विक स्तर की होगी। उन्होंने बताया कि 6600 से अधिक आवेदन मिले हैं। बीए पाठ्यक्रम में कुल 1350 नियमित सीटें उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, 600 स्ववित्त पोषित सीटें भी हैं। इस प्रकार कुल 1950 सीटों के लिए 6600 आवेदन आए हैं। काउंसिलिंग और सीट आवंटन की आगामी प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन संचालित होगी। यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संपन्न की जाएगी। इससे मेधावी छात्रों को बिना किसी असुविधा के उनकी पसंदीदा सीटों पर प्रवेश मिल सकेगा।