लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय ने वर्तमान सत्र की प्रवेश प्रक्रिया के तहत स्नातक और यूजी प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। छह से 12 जुलाई के बीच प्रवेश परीक्षाएं होनी हैं। अभ्यर्थी विवि की आधिकारिक वेबसाइट lkouniv.ac.in से अपने लॉगइन आईडी और पासवर्ड के माध्यम से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर अनित्य गौरव ने बताया कि जिन पाठ्यक्रमों के एडमिट कार्ड जारी हुए हैं, उनमें बीवीए या बीएफए, बीवोक रिन्यूएबल एनर्जी, बीजेएमसी, बीकॉम ऑनर्स व एनईपी, बीसीए, बीबीए, बीए एनईपी, बीएससी कृषि, बायोलॉजी व मैथ्स, डीफार्मा और बीएलएड शामिल हैं। मुख्य कुलानुशासक प्रोफेसर राकेश द्विवेदी ने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा अवधि में अनधिकृत व्यक्तियों और वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।