कमिश्नरेट पुलिस ने दो थानाक्षेत्रों में वाहन चेकिंग के दौरान शुक्रवार को 17 लाख 80 हजार रुपये की नकदी पकड़ी। इस मामले में ठाकुरगंज व गुडंबा पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने दो गाड़ियां भी सीज की है। पूछताछ में दोनों मामलों में रुपये के बारे में संतोष जनक उत्तर न मिलने पर कार्रवाई की गई।
एडीसीपी पश्चिम चिरंजीव नाथ सिन्हा के मुताबिक बंधा रोड पर प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर चंद की टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काकोरी की तरफ से क्वालिस गाड़ी आती दिखी। पुलिस ने रोककर चेकिंग की तो गाड़ी के अंदर से 6 लाख 30 हजार रुपये नकदी मिला। गाड़ी काकोरी के कोठी तला निवासी अभिषेक अवस्थी, उनके पिता ओमप्रकाश अवस्थी व मां माधुरी अवस्थी मौजूद थे। पुलिस ने सभी से रुपये के बारे में पूछताछ की लेकिन संतोषजनक जबाव नहीं मिला। पूछताछ में सामने आया कि अभिषेक काकोरी नगर पंचायत के वार्ड नंबर 6 पठानगढ़ी से सभासद है।
एडीसीपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के मुताबिक वाहन चेकिंग के दौरान नकदी सभासद की कार से बरामद हुई है। वह नकदी का सही हिसाब नहीं दे सके। साथ चुनाव अचार संहिता के चलते रकम को सीज कर दिया गया। संबंधित विभाग को भी जानकारी दे दी गई है। इस मामले में पूछताछ के लिए पुलिस ने अभिषेक अवस्थी, उनके पिता ओमप्रकाश अवस्थी व मां माधुरी अवस्थी को थाने लेकर गई। काफी देर तक पूछताछ की गई।
ठेकेदार की गाड़ी से मिला 11.50 लाख
वहीं दूसरी तरफ गुडंबा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान टेढ़ी पुलिया के पास एक वाहन को रोका। पुलिस ने चेकिंग की तो अंदर 11.50 लाख रुपये मिले। पुलिस ने कार सवार प्रतापगढ़ सुगाही बाग महाकली निवासी राजेंद्र कुमार पटेल, रायबरेली सलोन के गणेशगंज निवासी रोहित और मलकाना के इमरान को हिरासत में लिया। वहीं कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस तीनों को लेकर थाने गई। वहां रुपये के संबंध में पूछताछ किया। लेकिन कोई सही जवाब नहीं दे सके।
प्रभारी निरीक्षक गुडंबा सतीश चंद्र साहू के मुताबिक प्रतापगढ़ कटरा मेदनीगंज के राजेन्द्र कुमार पटेल के पास से 5 लाख रुपयेए रायबरेली सलोन निवासी रोहित के पास से तीन लाख और रायबरेली सरायपरस मलकाना के इमरान के पास से 3.5 लाख रुपया मिला। पूछताछ में बताया कि सभी गाड़ी खरीदने केलिए रुपये लेकर जा रहे थे। पुलिस ने जब एजेंसी के बारे में पूछताछ की तो जवाब न दे सके। नकदी बरामदगी को लेकर उच्चाधिकारियों और संबंधित विभाग को अवगत कराया गया। साक्ष्य के आधार पर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी।