लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर धरने पर बैठे छात्रों को मंगलवार को पुलिस ने बलपूर्वक उठाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन और छात्रों के बीच तीखी भिड़ंत भी हुई। आखिरकार छात्रों के हौसले के आगे पुलिस को पस्त होना पड़ा। छात्रों को धरना स्थल से हटा देने के बाद भी वह नहीं माने और दोबारा उसी जगह पर बैठ गए। इस तरह से दूसरे दिन भी उनका प्रदर्शन जारी रहा।
छात्रसंघ बहाली मोर्चा के बैनर तले लखनऊ विश्वविद्यालय के गेट संख्या-एक पर छात्र अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि विवि प्रशासन के दबाव में पुलिस ने छात्रों को धरना स्थल से जबरन उठाने के लिए उनके साथ मारपीट की जिसमें कई छात्रों को चोटें भी आई हैं। छात्रों ने कहा कि प्रशासन का यह व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
छात्रों ने कहा कि शिक्षकों को अपने साथ होने वाले अन्यायों की लड़ाई के लिए शिक्षक संघ तो दिखता है लेकिन छात्रसंघ होने में उन्हें आपत्ति है। धरना देने वाले छात्रों में विंध्यवासिनी शुक्ला, अमन दुबे, अभिषेक श्रीवास्तव व अन्य छात्र शामिल रहे।