लखनऊ में आलमबाग में दिनदहाड़े दरवाजा तोड़कर घर में घुसे दो युवकों ने युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध पर उसकी मां की हत्या करने व चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दी। मुख्य आरोपी के भाई पर धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसको कोर्ट में पेश किया। जहां से वह जेल भेजा गया। घर में घुसते हुए दोनों आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं।
पीड़िता के मुताबिक 25 अक्तूबर को वह घर पर अकेली थी। मां ड्यूटी पर गई थीं। शाम करीब चार बजे आलमबाग के रामनगर निवासी सुमित उसके घर पर आया। दरवाजा न खोलने पर गाली गलौज करता रहा। फिर उसने दरवाजा तोड़ा और भीतर घुस गया। युवती से दुष्कर्म करने का प्रयास किया। जब वह नाकाम रहा तो उसने अपने साथी साहिल सिद्दीकी को भी बुला लिया। युवती आरोप है कि दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद भाग निकले। युवती का आरोप है कि सुमित का भाई अमन उसको लगातार धमकी दे रहा है कि अगर उसने पुलिस में शिकायत की तो उसको बदनाम कर देगा। एडीसीपी पूर्वी सैयद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी सुमित की गिरफ्तारी की जा चुकी है। सीसीसीटी फुटेज को कब्जे में लिया गया। बतौर साक्ष्य विवेचना में शामिल किया गया है। सुमित युवती का पहले से परिचित रहा है।
अश्लील फोटो खींचे, वायरल करने की धमकी दी
पीड़िता के मुताबिक आरोपियों ने दुष्कर्म के वक्त उसकी अश्लील फोटो भी क्लिक कीं। विरोध करने पर धमकी दी कि वह फोटो वायरल कर देंगे। धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया। डर की वजह से वह पहले चुप थी। आखिर में 27 अक्तूबर को एफआईआर दर्ज कराई।
वारदात के बाद अस्पताल में भर्ती मुख्य आरोपी
एडीसीपी ने बताया कि मुख्य आरोपी सुमित पुलिस की निगरानी में है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसको डेंगू हुआ है। घटना के बाद वह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर से उसके बारे में बातचीत की गई है। जब डॉक्टर उसको डिस्चार्ज करेंगे तब उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं तीसरे आरोपी अमन की भूमिका की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।