रायबरेली की बछरावां कोतवाली क्षेत्र के अमावां गांव से मंगलवार सुबह स्कूल के लिए निकली लापता किशोरी शुक्रवार शाम को लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर मिली। चारबाग पुलिस चौकी ने मामले की जानकारी बछरावां पुलिस को दी जिस पर किशोरी को बछरावां लाया गया। वहीं किशोरी के साथ एक महिला को भी पकड़ा गया है। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
बताते हैं कि अमावां गांव से एक किशोरी स्कूल पढ़ने के लिए मंगलवार को घर से निकली थी। इस दौरान वह कहीं चली गई। इस पर बछरावां कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शुक्रवार को किशोरी के माता-पिता उसकी तलाश में लखनऊ गए थे जहां चारबाग रेलवे स्टेशन पर वह एक महिला के साथ मिली।
चारबाग पुलिस ने मामले की जानकारी बछरावां पुलिस को दी और रात करीब आठ बजे किशोरी को महिला के साथ बछरावां लाया गया। कोतवाल ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि किशोरी चारबाग रेलवे स्टेशन पर एक महिला का साथ मिली है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। वहीं मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा नेताओं और व्यापारियों ने पुलिस पर महिला को बचाने का आरोप लगाकर थाने के बाहर हंगामा किया। यह भी आरोप लगाया गया कि पुलिस ने इस मामले में शुरू से ही कोई कार्रवाई नहीं की।