आर्मी का कमांडर बनकर ठगी करने के आरोपी को बंथरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बंथरा इंस्पेक्टर जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 22 मार्च 2021 को हिमांशु कुमार द्विवेदी निवासी मोहनापुर, थाना गोसाईगंज, कन्नौज ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि खुद को आर्मी का कमांडर बताने वाले दिग्विजय सिंह ने उससे आलू खरीदने का सौदा किया था। हिमांशु ने 12 व 14 मार्च 2021 को कथित कमांडर को 2,42,271 रुपये कीमत का दो गाड़ी आलू भेजा। इसके एवज में उसने डेढ़ लाख रुपये का चेक हिमांशु को दिया मगर उसमें लिखी खाता संख्या के आखिरी के दो नंबर उसने खुरचकर मिटा दिए थे।
इंस्पेक्टर ने बताया कि वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिनेश सिंह भदौरिया ने छानबीन कर चेक और जिस वाहन से आलू ले जाया गया था, उसके नंबर से आरोपी को ढूंढ निकाला। पता चला कि आर्मी कमांडर दिग्विजय सिंह बनकर सुधीर कुमार शर्मा ने ठगी की थी। वह देवलोक कॉलोनी, थाना सरोजनीनगर का रहने वाला है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिनेश सिंह भदौरिया ने बुधवार शाम बिजनौर मोड़ से आरोपी सुधीर कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी ने आर्मी कमांडर बनकर शहर में कई अन्य स्थानों पर अपराध किए हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है।